शहादत दिवस पर याद किए गए श्यामल चक्रवर्ती

Jan 04, 2026 02:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद में शहीद श्यामल चक्रवर्ती का 36वां शहादत दिवस मनाया गया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने सरकार की उपेक्षा पर नाराजगी जताई और कहा कि श्यामल की शहादत नागरिकों को उनके कर्तव्यों का बोध कराती है।

शहादत दिवस पर याद किए गए श्यामल चक्रवर्ती

धनबाद, प्रमुख संवाददाता शहीद श्यामल चक्रवर्ती का 36वां शहादत दिवस शनिवार को आईआईटी आईएसएम गेट नंबर एक स्थित स्मारक स्थल पर मनाया गया। इस अवसर पर स्मारक समिति की ओर से श्रद्धांजलि सभा की गई। अतिथियों और उपस्थित लोगों ने शहीद श्यामल चक्रवर्ती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान वक्ताओं ने श्यामल चक्रवर्ती को सरकार द्वारा शहीद का दर्जा नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए इसे उनकी उपेक्षा बतायी। विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि जनता द्वारा दिया गया सम्मान किसी भी सरकारी सम्मान से बड़ा है। सरकारी संपत्ति की रक्षा केवल सरकारी कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।

श्यामल की शहादत आम नागरिकों को उसके कर्तव्य और जिम्मेदारियों का बोध कराती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को पार्टी लोकसभा और विधानसभा में मजबूती से उठाएगी। विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि पिछले 36 वर्षों से लगातार संघर्ष के बावजूद सरकार शहीद श्यामल चक्रवर्ती को सम्मान देने के विषय पर गंभीर नहीं है। यदि इसी तरह लोगों की भावना और जज्बे की अनदेखी होती रही तो समाज में नकारात्मक प्रवृत्तियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार पर पूरी तरह निर्भर रहने की बजाय आम जनता के सहयोग से श्यामल चक्रवर्ती के नाम पर एक पुस्तकालय का निर्माण किया जाए। सभा की अध्यक्षता कर रहे स्मारक समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद महतो ने उद्घाटन भाषण में कहा कि साझा शहादत को लगातार नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन ने एक पक्ष को सम्मानित कर दूसरे पक्ष की उपेक्षा की है। इससे आम जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि श्यामल चक्रवर्ती के सम्मान की मांग को लेकर यह संघर्ष पिछले 36 वर्षों से जारी है और आगे भी जारी रहेगा। सभा का संचालन सुभाष चटर्जी कर रहे थे। श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में देशभक्ति गीत और बच्चों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद स्मारक समिति की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा को भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर झारखंड विद्युत कामगार यूनियन के महामंत्री राम कृष्णा सिंह, सीपीएम के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ बक्शी, समाजसेवी रवि चौधरी, विजय झा, अगम राम, माले जिला सचिव बिंदा पासवान, स्मारक समिति सचिव सम्राट चौधरी, आइसा के त्रिलोकी नाथ, हरि प्रसाद पप्पू, सबुर गोराईं, जेएमएम की नीलम मिश्रा, मदन महतो, राणा चट्टराज आदि लोग मौजूद थे। रीता वर्मा और रागिनी सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि कोर्ट मोड़ में रणधीर वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रो. रीता वर्मा, झरिया विधायक रागिनी सिंह समेत कई लोग श्यामल चक्रवर्ती के स्मारक स्थल पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad News36th Martyrdom Day of Shaheed Shyamal Chakraborty Observed in Dhanbad
;;;