Dhanbad News: मासूम की छोटी आंत से निकलीं लोहे की दो कीलें
Dhanbad News: धनबाद के पुटकी में तीन साल का बच्चा खेल-खेल में दो छोटे नुकीले कीलें निगल गया। परिवार ने बच्चे को असर्फी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी से कीलों को सुरक्षित निकाला। जटिल प्रक्रिया के बाद बच्चा स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ।

Dhanbad News: धनबाद, प्रमुख संवाददाता। तीन साल के मासूम ने खेल-खेल में करीब एक-एक इंच लंबी दो कीलें निगल लीं। कीलें छोटी आंत के आखिरी हिस्से में जाकर फंस गईं। घटना के बाद परिजन घबरा गए और बच्चे को असर्फी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। मामला 13 सितंबर की रात की है। पुटकी निवासी बीसीसीएल कर्मचारी के तीन वर्षीय पुत्र विराज दास की जांच के बाद डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ संजय कुमार सिंह ने एंडोस्कोपी के जरिए बेहद सावधानी से कीलों को बाहर निकालने की चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया पूरी की। नुकीली कीलों के कारण बच्चे की स्थिति को लेकर डॉक्टरों ने विशेष सतर्कता बरती।
जटिल प्रक्रिया में डॉ. संजय सिंह के साथ पीडियाट्रिक्स विशेषज्ञ डॉ किशोर गांधी, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ प्रियंका समेत मेडिकल टीम की अहम भूमिका रही। सफल इलाज के बाद विराज की हालत सामान्य है। चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ होने के बाद बच्चे को सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।


