Dhanbad News: शहर के विकास के लिए 200 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत
Dhanbad News: धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास के लिए 200 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति दी गई। बैठक मेयर संजीव सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें चार्जिंग स्टेशन, सफाई कर्मियों का जियो-टैग वर्तमान, और अन्य योजनाएं शामिल रहीं। सहायक अध्यापकों की चार फीसदी इंक्रीमेंट को भी मंजूरी मिली।

Dhanbad News: धनबाद नगर निगम बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में शहर के विकास के लिए 200 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति दी गई। मेयर संजीव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में डिप्टी मेयर अरुण चौहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत पार्षद एवं अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लगभग सभी एजेंडों को पारित कर दिया गया। शहर में पांच स्थानों पर बनेंगे चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। 15 अगस्त के बाद क्विक रिस्पांस टीम को समाप्त करने का फैसला लिया गया। अब सफाई कर्मियों की उपस्थिति रोजाना जियो-टैग फोटो से दर्ज की जाएगी। इसकी मॉनिटरिंग होगी। हर वार्ड में औसतन 15 सफाईकर्मी दिए जाएंगे। लगभग तीन हजार एलईडी लाईट लगाने की भी स्वीकृति दी गई。
योजना का पुनः प्रोत्साहन
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों को पुनः प्रोत्साहित करने एवं अनुमोदित राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। ई-वेस्ट प्लांट के संचालन एवं रखरखाव के लिए निविदा निकालने, बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट की स्थापना के लिए डीपीआर तैयार करने, चयनित स्कूलों एवं बड़े भवनों में रूफ स्लैब ऑडिट कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
कर्मचारियों की सहायता राशि
संविदा एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मियों को फिलहाल तीन महीने का अवधि विस्तार दिया गया है। दैनिक मजदूरी पर चालक, पर्यवेक्षक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर की अस्थायी नियुक्ति का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी निर्णय लिया गया।
पेयजल पाइपलाइन समस्याएं
वार्ड संख्या 32 की मिस्त्री गली क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन के कारण दूषित जल की समस्या के समाधान के लिए 44 लाख 33 हजार 400 रुपये स्वीकृत किए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के 14 किराए के भवनों की पुनः निविदा प्रक्रिया के लिए 30 दिनों का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया। निगम स्वामित्व की दुकानों के मासिक किराए में वृद्धि, पार्क हॉर्टिकल्चर शाखा में पार्कों के आवश्यकतानुसार मरम्मत-अनुरक्षण तथा हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत एवं रखरखाव के प्रस्ताव भी पास किए गए।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की योजनाएं
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) और क्लीन एयर फंड के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों (जैसे वार्ड 01, 04, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12, 13 और 14 आदि) में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराए जाएंगे। रास्तों को टिकाऊ बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने और बिटुमिनस सड़कों के नवीनीकरण के दर्जनों प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें कतरास, सिजुआ, गोधर, पुटकी और राजगंज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की मुख्य और आंतरिक सड़कें शामिल हैं।
सहायक अध्यापकों की इंक्रीमेंट
सहायक अध्यापकों की चार फीसदी इंक्रीमेंट एवं सेवा संपुष्टि पर निगम की बोर्ड बैठक में मुहर लग गई। मेयर ने सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि शिक्षकों को हरसंभवन सहयोग मिलेगा। इस पर मनोज राय, उत्पल चौबे, संजय प्रजापति, शंभू शर्मा, सोमशेखर शर्मा, मोतीलाल महतो, विजय प्रसाद, विजय राम, परितोष महतो, वीरेंद्र शर्मा, तरुण कुमार ने हर्ष व्यक्त किया है।
योजनाओं की स्वीकृति की जानकारी
बैठक के बाद मेयर संजीव सिंह ने कहा कि फंड की उपलब्धता के अनुसार ही योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। निगम क्षेत्र के संतुलित विकास को देख सभी 55 वार्ड के लिए योजनाओं को स्वीकृति दी गई। शिक्षकों की प्रमुख मांग को बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। लंबे समय से मामला लंबित था।
महत्वपूर्ण निर्णय
- सभी 55 वार्डों की औसतन पांच-पांच योजनाओं को मिली स्वीकृति
- पार्षदों को संतुष्टि प्रमाण पत्र देने का अधिकार
- तीन हजार अतिरिक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय
- तालाबों का सौंदर्यीकरण और कुओं का जीर्णोद्धार
- जलभराव से निपटने के लिए जल निकासी के लिए मास्टर प्लान
- पार्क मार्केट की दुकानों का दर निर्धारण 40 रुपए वर्गफीट पर होगा। पहले 10 रुपए था।
-खोखन तालाब के विकास पर भी मंथन
- झारखंड मैदान की पानी टंकी लॉ कॉलेज के समीप ले जाने के प्रस्ताव पर चर्चा


