विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम
देवघर,प्रतिनिधिविश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता सह समारोह का आयोजन किया गया। क

देवघर,प्रतिनिधि विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता सह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहियाओं ने स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र के संकल्प के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण आज कई प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
इससे बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता ने कुष्ठ रोग उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि शरीर में किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें, ताकि समय रहते इलाज संभव हो सके। वहीं, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. अभय यादव ने मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने साफ-सफाई, जलजमाव रोकने और मच्छरों के नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। वरीय दंत चिकित्सक डॉ. शरद कुमार ने मौखिक स्वास्थ्य के महत्व को बताते हुए कहा कि नियमित रूप से दांतों की सफाई और समय-समय पर दंत जांच कराना आवश्यक है। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. मनीष शेखर ने संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर डीपीएम नीरज भगत एवं डीपीसी प्रवीण सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने की अपील की। कार्यक्रम में डीडीएम पोखराज, राजीव, मनीष, राजेश रॉय, शंकर दयाल, कासिम अंसारी सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और शहरी सहियाएं मौजूद रहीं। सभी को समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, टीकाकरण को बढ़ावा देने और लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने इसे स्वस्थ देवघर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


