ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन व एनसीडी पोर्टल पर प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित
देवघर में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन और एनसीडी पोर्टल ऐप पर प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेहतर परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

देवघर,प्रतिनिधि। जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक होटल सभागार में ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन एवं एनसीडी पोर्टल ऐप को लेकर प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एनसीडी के नोडल पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम में राज्य एनसीडी कोषांग से धीरज राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन सेवा को प्रभावी ढंग से लागू करने और एनसीडी पोर्टल के बेहतर उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मरीजों को बेहतर परामर्श सेवा उपलब्ध कराने के तरीकों से अवगत कराया गया।
बैठक में इंटेलीहेल्थ ई-संजीवनी से जुड़े शिव शंकर कुमार तथा डीपीए रवि चंद्र मुर्मू ने सीएचओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य देते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर जोर दिया। साथ ही ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से अधिक से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श दिलाने की अपील की गई। इस मौके पर जिला एनसीडी कोषांग से जिला परामर्शी एनटीसीपी अभिमन्यु दांगी, अभिषेक कुमार लाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। बैठक में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


