Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsTragic Accident 19-Year-Old Biker Dies After Collision with Truck in Palajori
ट्रक की चपेट में आने से चालक की मौत, दादी गंभीर, पोती जख्मी

ट्रक की चपेट में आने से चालक की मौत, दादी गंभीर, पोती जख्मी

संक्षेप:

पालोजोरी में एक दुखद सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय निरंजन यादव की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने गांव लौट रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। विधायक की पहल पर जाम हटाया गया।

Dec 11, 2025 02:09 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवघर
share Share
Follow Us on

पालोजोरी। सारठ-पालोजोरी मुख्य मार्ग पर पालाजोरी थाना से लगभग 3 किलोमीटर दूर फार्मनवाडीह गांव के पास घुमावदार सड़क के पास 12 चक्का ट्रक के चपेट में आने से बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पालाजोरी थाना क्षेत्र के कुरुवा तेतरिया गांव निवासी संतोष यादव के 19 वर्षीय पुत्र निरंजन यादव के रूप में हुई है। निरंजन गांव में ही गुपचुप, चाट आदि का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक विवाहित था। निरंजन जेएच -15-एके-1104 नंबर की स्प्लेंडर बाइक से पालोजोरी से वापस अपने गांव लौट रहा था, उसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रहे आरजे-33-जीए-3593 नंबर के 12 चक्का ट्रक के चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रक चालक तेजी व लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उसी क्रम में बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में निरंजन का सिर कुचल गया व बाइक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। निरंजन की बाइक पर कचुआसोली गांव निवासी अलाउद्दीन अंसारी की 45 वर्षीया पत्नी सैदुन बीवी व उसकी तीन वर्षीया पोती आयत परवीन भी सवार थी। हादसे में सैदुन बीवी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। उसकी कमर, सिर, हाथ, चेहरे सहित शरीर का कई हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया है। वहीं आयात परवीन को मामूली चोट आई है। वह खतरे से बाहर बतायी जा रही है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने थानेदार सालो हेंब्रम को दी। थाना प्रभारी आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचे व आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी महिला व बच्ची को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी पालोजोरी भेजा, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सैदुन बीबी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। 3 घंटे तक सड़क जाम :- उधर घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आसपास के ग्रामीणों सहित कुरुवा तेतरिया निवासी मृतक निरंजन यादव के पिता- संतोष यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों का जमावड़ा हो गया। देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर फार्मनवाडीह गांव के पास मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना पर प्रभारी सीओ कृष्णा चंद्र सिंह मुंडा, एसडीपीओ सारठ रंजीत लकड़ा, थाना प्रभारी सालो हेंब्रम, खागा थाना प्रभारी, सीआई कामदेव प्रसाद घटनास्थल पहुंचे और समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। विधायक की पहल पर हटा जाम :- वहीं घटना की सूचना तेतरिया के ग्रामीणों ने विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह को दी। विधायक ने विधानसभा सत्र के कारण रांची में होने की बात कही। हालांकि उन्होंने मोबाइल से सीओ, पुलिस अधिकारी सहित मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से बात की। विधायक ने प्रतिनिधि को घटनास्थल पर भेजा। मृतक के पिता से बात कर समझाया व हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने सीओ, एसडीपीओ, थाना प्रभारी से कहा कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता हर हाल में मिलनी चाहिए। उसके बाद आवागमन सुचारू हुआ। क्या कहते हैं सीओ :- सीओ ने बताया कि प्रावधान के अनुरूप पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को 1 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों ने अंतिम संस्कार के लिए भी अपनी ओर से आर्थिक मदद की बात कही। घटना दोपहर 1:30 बजे के आसपास की बताई जाती है। लोगों द्वारा किए गए सड़क जाम के दौरान सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पिता का है रो-रोकर बुरा हाल :- दुर्घटना में पुत्र की मृत्यु की सूचना के बाद मृतक निरंजन यादव के पिता संतोष यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पुत्र का शव देखकर घटनास्थल पर ही दहाड़ मारकर रोने लगे और रह- रहकर बेहोश हो जा रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें सांत्वना दी। मृतक का एक छोटा भाई भी है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के घर में मातमी सन्नाटा पसर गया है।