ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक एएसआई पर हमला मामले में ऑटो चालक पर प्राथमिकी
देवघर में ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक टेम्पो चालक ने एएसआई मिथिलेश कुमार पर हमला किया। विवाद के दौरान चालक ने एएसआई को नाखून से नोचकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

देवघर, प्रतिनिधि। ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक टेम्पो चालक द्वारा एएसआई पर हमला करने मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार यातायात थाना में पदस्थापित एएसआई मिथिलेश कुमार 20 अप्रैल को फव्वारा चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान करीब 11:35 बजे ऑटो नंबर- जेएच- 15-एएम-2043 के चालक ने वाहन को मुख्य चौक पर खड़ा कर दिया। जब एएसआई ने उसे हटाने कहा, तो चालक गाली-ग्लौज करते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद चालक वापस लौटा और फिर बहस करने लगा। उसके बाद आरएल सराफ स्कूल के पास गली में वाहन रोककर पुनः विवाद करने लगा।
एएसआई मिथिलेश कुमार जब समझाने पहुंचे, तो चालक उग्र हो गया और हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने गाली-ग्लौज करते हुए एएसआई को नाखून से नोच हाथ के अंगूठे काट लिए। पुलिस वर्दी पकड़कर खींचतान की। उस दौरान मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी रितेश पंडित के साथ भी आरोपी ने दुर्व्यवहार किया। घटना की सूचना एएसआई ने तत्काल वायरलेस के माध्यम से कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर नगर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। गश्ती दल में शामिल एएसआई संतोष कुमार ने जब आरोपी से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम राकेश कुमार यादव उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी कुंडा थाना के करनीबाग बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गश्ती दल के साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई करते हुए उन्हें भी चोट पहुंचाने की कोशिश की। बाद में पुलिसकर्मियों के सहयोग से थाना ले जाया गया। घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में एएसआई मिथिलेश कुमार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


