रिमांड होम : आंचल कुमारी ने की थी आत्महत्या, नहीं हुई थी हत्या!

Mar 14, 2026 12:02 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवघर
share

देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में रिमांड होम में किशोरी आंचल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने का कारण बताया गया है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पिता ने मामले की पुनः जांच की मांग की है।

रिमांड होम : आंचल कुमारी ने की थी आत्महत्या, नहीं हुई थी हत्या!

देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र के चरकी पहड़ी अवस्थित रिमांड होम में किशोरी आंचल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर पिता की ओर से दर्ज हत्या मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना बताया गया है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जानकारी के अनुसार किशोरी की मौत को लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक के गले पर अधूरा लिगेचर मार्क (फंदे का निशान) पाया गया, जो ठुड्डी के ठीक नीचे से होकर एक ओर की तरफ जाता दिखाई दिया।

यह भी उल्लेख किया गया है कि फंदे का गांठ वाला हिस्सा जबड़े के नीचे की ओर स्थित था। पीएम रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर के ऊपरी हिस्सों में पोस्टमॉर्टम लिविडिटी (मृत्यु के बाद रक्त जमाव के निशान) पाए गए। साथ ही गर्दन के आसपास त्वचा के नीचे के ऊतकों में दबाव के कारण सफेद चमकदार ऊतक दिखाई दिए, जो आमतौर पर फांसी के मामलों में पाए जाते हैं। आंतरिक परीक्षण के दौरान जीभ और गले के हिस्से में जकड़न व सूजन के संकेत मिले। फेफड़े, यकृत (लिवर), प्लीहा और गुर्दे में कंजेशन यानी रक्त का अधिक जमाव पाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान पेट में अर्ध-पचा हुआ भोजन पाया गया, जिससे अनुमान लगाया गया कि मौत भोजन करने के कुछ समय बाद हुई होगी। मूत्राशय खाली पाया गया। वहीं शरीर की हड्डियों, विशेष रूप से गर्दन की हड्डियों और कार्टिलेज में किसी प्रकार का फ्रैक्चर नहीं मिला। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर बाहरी चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि गले के फंदे के निशान के नीचे त्वचा और ऊतकों में दबाव के कारण हल्की क्षति देखी गई है। डॉक्टरों ने नमूनों को सुरक्षित रखते हुए आगे की जांच के लिए भेज दिया है। दो स्मीयर और अन्य आवश्यक नमूने भी संरक्षित किए गए हैं, ताकि किसी अन्य कारण की संभावना की पुष्टि की जा सके। प्राथमिक रूप से डॉक्टरों की राय है कि मृत्यु का कारण फांसी लगने से दम घुटना हो सकता है। वहीं रिपोर्ट देख मृतका के पिता ने असंतुष्टी जता एसपी से मामले की जांच की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।