Deogarh News: जसीडीह : संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, मायकेवालों का हत्या का आरोप
Deogarh News: - जहर पिलाकर हत्या की आशंका, चार घंटे इलाज के बाद सदर अस्पताल में मौत - जहर पिलाकर हत्या की आशंका, चार घंटे इलाज के बाद सदर अस्पताल में मौत

Deogarh News: जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिणी गांव में गुरुवार को 22 वर्षीया विवाहिता काजल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दुमका जिले के सरैयाहाट निवासी मृतका के पिता प्रमोद कुमार सहित मायके पक्ष के कई लोग रोहिणी पहुंचे। परिजनों ने ससुरालवालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच
हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतका के फूफा ने बताया कि काजल की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। उसके पति के पुलिस विभाग में कार्यरत होने की जानकारी दी गयी है। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही किसी न किसी विवाद को लेकर ससुराल में अक्सर झगड़ा होता रहता था। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व भी काजल को जान से मारने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई थी।
घटनाक्रम
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार काजल द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिलने के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में करीब चार घंटे तक उसका इलाज चला। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना डॉक्टर की ओर से पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके पक्ष की मांग
पुलिस ने मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली है। साथ ही रोहिणी स्थित ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। इधर, काजल की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश और मातम का माहौल है। पिता समेत अन्य परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

