अंतर-क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता में झांझरा कोलियरी बना ऑल ओवर चैंपियन
एस पी माइंस चितरा ने इनडोर स्टेडियम में एक दिवसीय ईसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया। झांझरा क्षेत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर चैंपियन का खिताब जीता। ईसीएल मुख्यालय उपविजेता रहा। मुख्य अतिथि रवि रंजन लकड़ा ने प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों की मानसिक स्फूर्ति के लिए महत्वपूर्ण हैं।

चितरा,प्रतिनिधि। एस पी माइंस चितरा कोलियरी के अतिथिशाला परिसर स्थित इनडोर स्टेडियम में एस पी माइंस के सौजन्य से एक दिवसीय ईसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एस पी माइंस के साथ ईसीएल जोन के झांझरा, पांडेश्वर, राजमहल, सालानपुर, कुनुस्तोड़िया समेत कई क्षेत्रों के कोलियरी कर्मचारी शामिल हुए। प्रतियोगिता दो चरणों में हुई, जिसमें झांझरा एरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। झांझरा ने न केवल विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, बल्कि अधिकांश श्रेणियों में भी अपना दबदबा बनाए रखा। वहीं ईसीएल मुख्यालय उपविजेता रहा। समारोह में मुख्य अतिथि जीएम (वेलफेयर एवं सीएसआर) रवि रंजन लकड़ा, स्थानीय जीएम एस पी माइंस एके आनंद, क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक टीके मिश्रा, कार्मिक प्रबंधक विनय कुमार शर्मा, मनीष कुमार, जेसीसी सदस्य राजेश राय, गुरुदेव भंडारी सहित कई अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि रवि रंजन लकड़ा ने कहा कि प्रतिभागियों का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट रहा। उन्होंने कहा कि काम की व्यस्तता और तनाव के बीच ऐसे आयोजन कर्मचारियों को मानसिक स्फूर्ति प्रदान करते हैं। इससे सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। महाप्रबंधक एके आनंद ने भी सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में उत्साह और टीम स्पिरिट को बढ़ाने का काम करती हैं। कार्यक्रम का संचालन अमित आनंद ने किया। प्रतियोगिता के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




