
एसपी ने शिव पुराण कथा स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात के दिए निर्देश
संक्षेप: देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया मैदान में 15 से 20 नवंबर तक आयोजित शिव पुराण कथा के लिए लाखों भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा उपायों, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
देवघर, प्रतिनिधि। जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया मैदान में 15 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले शिव पुराण कथा में आने वाले लाखों भक्तों की सुरक्षा और सुगम व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए रविवार को एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। एसपी सौरभ, एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह और यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद के टीम दोपहर में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा उपायों की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश और निकासी मार्गों की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर जसीडीह थाना प्रभारी को विशेष निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भक्तों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति के लिए सभी पुलिसकर्मी सतर्क रहें। यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए एसपी ने यातायात थाना प्रभारी को भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस तैनात हो और भक्तों और स्थानीय लोगों के लिए पार्किंग एवं आने-जाने के रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




