इंजीनियर के घर में सेंधमारी, 1 लाख 10 हजार नकद व स्वर्ण आभूषण चोरी
देवघर में सहायक अभियंता अमरेन्द्र भारती के घर में चोरों ने धावा बोलकर ₹1,10,000 नकद और स्वर्ण आभूषण चोरी कर लिए। घटना 04 दिसंबर 2025 को हुई। अमरेन्द्र ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है और आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

देवघर,प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के कालीराखा स्थित सदर अस्पताल रोड, हरिसरनम कुटिया के समीप रहने वाले ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के सहायक अभियंता अमरेन्द्र भारती के आवासीय घर में चोरों ने धावा बोलकर नकदी और स्वर्ण आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 539/2025 दर्ज की गई है। अमरेन्द्र भारती द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार उनका घर घटना के समय सुनसान था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे गोदरेज के लाकर को तोड़कर लगभग ₹1,10,000 (एक लाख दस हजार रुपये) नकद और दो कान के स्वर्ण आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ित के अनुसार घटना 04 दिसंबर 2025 की रात्रि में घटित हुई। उन्होने बताया कि हरिसरनम कुटिया के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियां अक्सर बनी रहती हैं और उन्हें संदेह है कि इन्हीं में से कुछ लोग इस चोरी की वारदात में शामिल हो सकते हैं। क्षेत्र में पहले भी चोरी और ऊपद्रव की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल नगर थाना पहुंचकर पूरे प्रकरण से पुलिस को अवगत कराया। उन्होंने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


