नाली नहीं रहने से सड़कों पर बहता है पानी

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

देवघर के बजरंग कॉलोनी में नाली के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाली का निर्माण गलत तरीके से किया गया है और उसकी सफाई नियमित रूप से...

नाली नहीं रहने से सड़कों पर बहता है पानी

देवघर। देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 28 अंतर्गत बजरंग कॉलोनी मोहल्ले में नाली नहीं रहने की वजह से लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बहते रहता है। इससे मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले के सड़क के दोनों और नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। यह लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी बहने की वजह से लोगों को न सिर्फ आवागमन में परेशानी होती है। बल्कि इससे मोहल्ले में गंदगी और दुर्गंध का माहौल भी बना रहता है। कुछ जगहों पर नाली का निर्माण भी हुआ है, तो उसकी नियमित रूप से सफाई नहीं होती है।

सड़क के बीच बनाई गई नाली का स्लैब गायब है। जिसके कारण नाली का पानी ओवरफ्लो होकर बीच सड़क पर बह रहा है। इसके साथ ही मोहल्ले में कई जगहों पर बिजली के तार काफी जर्जर हो गए हैं। जहां-तहां कचरे का ढेर लगा रहता है। सड़कें भी जर्जर हो गई है। मोहल्ले की अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब हो गई है। बारिश के मौसम में कच्ची सड़कों पर जलजमाव की वजह से कीचड़ जमा हो जाता है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिन्दुस्तान से संवाद के दौरान मोहल्ले के लोगों ने अपनी समस्याओं व उसके समाधान को लेकर अपनी-अपनी बात रखी। नाली का स्लैब नहीं रहने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण मोहल्ले की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। सड़क के बीचों-बीच बनी नाली अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नाली की नियमित रुप से सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सीधे सड़क पर फैल रहा है। नाली का पानी सड़कों पर बहने से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि लोगों को अपने घरों से निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। बच्चों को स्कूल जाने में, बुजुर्गों को मंदिर या बाजार तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली का निर्माण भी पूरी तरह गलत तरीके से किया गया है। सामान्यतः नाली सड़क के किनारे बनाई जाती है ताकि पानी बहने का रास्ता स्पष्ट रहे, लेकिन यहां नाली को सड़क के ठीक बीच में बना दिया गया है। इस गलत डिजाइन के कारण गंदा पानी सड़क पर ही फैल जाता है और सड़क का उपयोग करना मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग इस गंदे पानी में फिसलकर घायल भी हो जाते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि नाली का गंदा पानी अब आसपास के घरों में भी घुसने लगा है। लगातार बहते गंदे पानी और बदबू से मोहल्ले का माहौल दूषित हो गया है। मच्छरों के पनपने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh Newsनाली नहीं रहने से सड़कों पर बहता है पानी