पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर अनुमंडल अस्पताल में प्रशिक्षण शुरू
28 जून से शुरू होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के लिए मधुपुर में उपाधीक्षक डॉ. मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में पोलियो सुपरवाइजर और वैक्सीनेटरों को प्रशिक्षण दिया गया। अभियान 30 जून तक चलेगा, जिसमें 58,589 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

मधुपुर। 28 जून से शुरू हो रहे तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर मंगलवार को अनुमंडल अस्पताल सभागार में उपाधीक्षक डॉ.मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में बूथ संख्या एक से 14 तक के पोलियो सुपरवाइजर और वैक्सीनेटरों को प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान का विवरण
इस दौरान उपाधीक्षक डॉ. शाहिद ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान 28 जून से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। प्रथम दिन शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र स्थित पोलियो बूथ पर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को दो बूंद पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। जबकि दूसरे और तीसरे दिन घर- घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी पोलियो की खुराक बच्चों को पिलाएंगे। कहा कि भारतवर्ष में पोलियो समाप्त हो गया है। लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान व अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के केस मिल रहे हैं। लिहाजा खतरा बना हुआ रहता है। इसलिए प्रत्येक वर्ष अपने भारत देश में पल्स पोलियो कार्यक्रम अभियान के रूप में चलाया जाता है।
पोलियो बूथ और लक्ष्य
उन्होंने बताया कि मधुपुर में पोलियो अभियान को लेकर कुल 225 बूथ बनाया गया है। जिसमें शहरी क्षेत्र में 50 और ग्रामीण क्षेत्र में 173 बूथ का निर्माण किया गया है। वहीं 58 हजार 589 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। जिसके लिए 28 हजार 865 घर में स्वास्थ्य कर्मी जाकर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगे। अभियान की सफलता को लेकर 45 सुपरवाइजर, जिसमें 11 शहरी क्षेत्र और 34 ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिनियुक्त किया जाएगा। जबकि वैक्सीनेटर के रूप में 358 पोलियो कर्मी ग्रामीण क्षेत्र और 100 कर्मी शहरी क्षेत्र में पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे।
निगरानी और प्रशिक्षण
कार्यक्रम की मानिटरिंग के लिए 10 चिकित्सकों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए पांच ट्रांजिट बूथ भी बनाया गया है। उपाधीक्षक ने प्रशिक्षण में पोलियो सुपरवाइजर और वैक्सीनेटर को वीवीएम के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। जबकि सुपरवाइजर को टैली सीट भरने का गुर भी सिखाया गया। कहा कि अभियान के एक सप्ताह पूर्व से ही प्रत्येक स्कूल में ब्लैक बोर्ड पर पोलियो अभियान की जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए। कहा कि प्रशिक्षण में किसी प्रकार का कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर आयुष के डॉ.गोपाल पंडित, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक आलोक नाथ, दामोदर वर्मा समेत सभी संबंधित पोलियो बूथ के सुपरवाइजर व सहिया उपस्थित थे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


