जनता दरबार में ऑन द स्पॉट कई समस्याओं का हुआ समाधान
संक्षेप: देवघर में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर जनता दरबार का आयोजन किया गया। अपर समाहर्ता हीरा कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा, बिजली बिल माफी, फसल बीमा, पेंशन आदि समस्याओं को रखा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
देवघर,प्रतिनिधि। समाहरणालय के सभागार में शनिवार को जिलेवासियों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता हीरा कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। मौके पर जिला स्तर के सभी अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। ताकि ऑन द स्पॉट समस्याओं का समाधान संबंधित विभाग द्वारा किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, अनुकंपा, बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन, आवास से जुड़े मामलों को अपर समाहर्ता के समक्ष रखा।

साथ ही अपर समाहर्ता द्वारा वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी गयी एवं आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आए, जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद अपर समाहर्ता हीरा कुमार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक जांच करते हुए उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें। ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




