चालक बना हत्या की वजह, दोस्त संग मिलकर रची साजिश
देवघर में दिलीप तुरी की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। आरोपी बबीता देवी उर्फ पायल सिंह ने अपने मित्र के साथ मिलकर दिलीप की हत्या की योजना बनाई। दिलीप, जो पायल का चालक था, विवाद का मुख्य कारण बना। हत्या के बाद सभी आरोपी भागने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

देवघर। रिखिया थाना के देवान बाबा मैदान में हुए दिलीप की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। एसपी ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश आरोपी महिला बबीता देवी उर्फ पायल सिंह ने अपने एक करीबी मित्र के साथ मिलकर रची थी, जिसमें चालक दिलीप तुरी ही विवाद की मुख्य वजह बना। मृतक दिलीप तुरी आरोपी पायल सिंह का कार चालक था और उसकी हर गतिविधि की जानकारी उसे रहती थी। पायल के कहने पर वह अक्सर उसके साथ जाता था। इसी दौरान पायल सिंह की जसीडीह थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से गहरी दोस्ती थी। चालक दिलीप पायल की हर जानकारी उसके मित्र तक पहुंचाता था, जिससे दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।
इसी विवाद के कारण पायल सिंह ने अपने मित्र के साथ मिलकर दिलीप की हत्या की साजिश रची। 16 मार्च की रात सभी आरोपियों दिलीप तुरी, संजीव कुमार उर्फ झगरू, बबीता देवी उर्फ पायल सिंह और पायल राउत ने पार्टी के बहाने सुनसान जगह देवान बाबा मैदान जाने की योजना बनाई। रात करीब 10:30 बजे शराब और अन्य सामान लेकर सभी वहां पहुंचे और देर रात तक पार्टी की। नशे की हालत में बबीता देवी ने इशारे से आरोपी संजीव कुमार को हथियार लाने को कहा। इसके बाद धारदार हथियार से दिलीप की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद सभी आरोपी अपने घर जाकर छिप गए। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी भागने की फिराक में रेलवे स्टेशन तक पहुंच गए थे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सभी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, हत्या के लिए बबीता देवी ने संजीव कुमार को पैसे भी दिए थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


