Deogarh News: नंदन पहाड़ : घर में चोरी कांड का खुलासा, नकदी के साथ तीन गिरफ्तार
Deogarh News: देवघर, प्रतिनिधिनगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ सिविल लाइन मोहल्ले में शंभू कुमार के घर हुई लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुला

Deogarh News: देवघर, प्रतिनिधि नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ सिविल लाइन मोहल्ले में शंभू कुमार के घर हुई लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कहलगांव रामपुर निवासी कुंदन कुमार के अलावा राहुल कुमार और कृष्ण कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान चोरी की नकदी में से एक लाख रुपए बरामद किए हैं। वहीं, चोरी गए अन्य आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की घटना से संबंधित कई अहम सुराग मिले हैं।
इन सुरागों के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर चोरी किए गए अन्य सामान की भी बरामदगी हो सकती है। जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को पीड़ित शंभू कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर घर में चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, घर से 2 सोने की चेन,1 मंगलसूत्र, लॉकेट, 2 पॉल वाली चेन, 1 मांगटीका, 2 नथ, 2 अंगूठी, बजरंगबली का लॉकेट, 2 बेसर, 10 जोड़ी पायल, 3 पीस चांदी के सामान, चांदी की 11 चेन समेत 1.55 लाख रुपए नकद चोरी होने की बात कही गई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों, संदिग्ध लोगों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। उसके बाद कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक लाख रुपए बरामद हुए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी गए सोने और चांदी के आभूषण कहां रखे गए हैं और घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच में मिले सुराग के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश किया। न्यायाधीश के आदेश के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य सामान बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी रखे हुए है।


