बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: पांच संगठित अपराधी गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

देवघर में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को विफल कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास एक अवैध पिस्टल और कारतूस मिले। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।

बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: पांच संगठित अपराधी गिरफ्तार

देवघर। पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस और विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उक्त मामले की जानकारी रविवार को एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी । उन्होने कहा कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और तकनीकी सुराग मिले हैं। इन प्रमाणों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

गुप्त सूचना

जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 की शाम नगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक सशस्त्र बल के साथ नियमित गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सफेद रंग की कार (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 15 एपी -5093) में सवार कुछ लोग हथियार के साथ देवघर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से रंगामोड़ होते हुए भूरभूरा मोड़ की ओर जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि उक्त लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं और उसके लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एसपी के निर्देश पर पहले से गठित विशेष टीम को सक्रिय किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की और कार में सवार लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान लल्ला झा के पास से एक अवैध देशी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर नगर थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी

गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन : एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रिखिया थाना के पुनसिया गांव निवासी शैलेश कुमार दास,पिता भोला दास, मांझीडीह गांव निवासी अरविन्द्र कुमार दास,पिता बलदेव कुमार दास, नावाडीह तिलैया गांव निवासी गोलू महथा उर्फ गोलू पासी,पिता शिबू महथा, लल्ला झा पित अनुज झा, रतनपुर गांव निवासी रोहन तुरी उर्फ विजय तुरी, पिता रवि तुरी शामिल है। बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में कई ऐसे प्रमाण मिले हैं, जो इनके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की ओर संकेत करते हैं। मोबाइल से प्राप्त कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, संपर्क सूत्र और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के कुछ सदस्य अभी फरार हैं और वे किसी संगठित आपराधिक गतिविधि में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(2), 111(2), 111(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सामान में सफेद रंग की कार, एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस शामिल है। पुलिस का मानना है कि हथियार का इस्तेमाल किसी गंभीर वारदात में किया जा सकता था। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित अपराध को रोका जा सका। छापेमारी अभियान का नेतृत्व नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार के निर्देशन में किया गया। अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक, घनश्याम गंझू, मुकेश कुमार तिवारी, सुमन्त प्रसाद, सुरज कुमार सहित नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अब मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुट गई है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

देवघर में कितने अपराधियों को गिरफ्तार किया गया?
पुलिस ने पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।