Deogarh News: श्रावणी मेला क्षेत्र से चार किशोर हिरासत में, सघन पूछताछ
Deogarh News: देवघर में राजकीय श्रावणी मेले के दौरान मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतों के बीच पुलिस ने चार संदिग्ध किशोरों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ जारी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है कि क्या कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।

Deogarh News: देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान मोबाइल चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच नगर पुलिस ने गुरुवार शाम करीब चार बजे मेला क्षेत्र के विभिन्न भीड़भाड़ वाले इलाकों से चार संदिग्ध किशोरों को हिरासत में लिया। सभी से थाना में पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही हिरासत में लिए गए किशोरों के पास से किसी बरामदगी की पुष्टि की है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कई दिनों से टावर चौक, आजाद चौक, मंदिर गली, पेड़ा गली, शिवगंगा परिसर तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने सादे लिबास में जवानों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस की कार्रवाई
निगरानी के दौरान चार किशोरों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्रावणी मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। पूछताछ के दौरान किशोरों से उनके साथियों, आने-जाने के स्थानों और मेला क्षेत्र में उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा हाल के दिनों में दर्ज मोबाइल चोरी के मामलों से भी पूछताछ के तथ्यों का मिलान किया जा रहा है, ताकि संभावित गिरोह तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी किशोरों से नगर थाना में पूछताछ जारी है। यदि जांच में किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, वहीं यदि कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलता है तो आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप होगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मेला क्षेत्र में सक्रिय उचक्कों और मोबाइल चोरों पर शिकंजा कसने की उम्मीद जताई जा रही है。


