लोडेड आर्म्स के साथ चार युवक चढ़े पुलिस के हत्थे
देवघर के नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार मध्य रात्रि फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। एक युवक के पास से लोडेड आर्म्स और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस मधुपुर में छापेमारी की योजना बना रही है।

देवघर, प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार मध्य रात्रि शिक्षा सभा चौक व बाजला चौक के आसपास फायरिंग की सूचना नगर पुलिस को मिली। दो विशेष टीमों का गठन कर अलग-अलग क्षेत्र में छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान जलसार पार्क के समीप से चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए युवकों की तलाशी लेने पर एक युवक के पास से लोडेड आर्म्स सहित एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी से सघन पूछताछ शुरू कर दी। हिरासत में लिए गए चारों युवक रिखिया, कुंडा व नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पूछताछ के क्रम में एक युवक ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई। उस आधार पर पुलिस आगे के कार्रवाई की योजना बना रही है। युवक की निशानदेही पर पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूछताछ के दौरान युवकों से जानने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग कहां-कहां की गई थी, लेकिन युवकों ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी युवक किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हालांकि, कार्यक्रम कहां होना था, किसके घर या किस स्थान पर जाना था, इस बारे में ठोस जानकारी सामने नहीं आ पायी है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, समचार लिखे जाने तक पूरे मामले को लेकर पुलिस ने आधिकारिक रूप से किसी प्रकार की जानकारी देने से बच रही थी। संदिग्धों की निशानदेही पर मधुपुर में छापेमारी करेगी पुलिस : पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में एक युवक ने खुलासा किया है कि मधुपुर अवस्थित एक ठिकाने पर अवैध सामान व हथियार छिपाकर रखे गए हैं। जानकारी के आधार पर पुलिस मधुपुर में छापेमारी की तैयारी कर रही है, ताकि अवैध हथियारों और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की बरामदगी की जा सके। सूत्रों ने यह भी बताया कि संदिग्ध युवकों के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी जांच-पड़ताल के दौरान एक युवक ने पुलिस अधिकारी को आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। मोबाइल में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


