
साइबर क्राइम : सारठ के पुरनी करहैया जंगल में छापा, चार गिरफ्तार
देवघर,प्रतिनिधिएसपी सौरभ के निर्देशानुसार जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आ
देवघर,प्रतिनिधि एसपी सौरभ के निर्देशानुसार जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल, सिमकार्ड की जांच के बाद साइबर क्राइम का लिंक व सबूत मिलने के बाद कोर्ट में पेशी कर न्यायाधीश के आदेश के बाद मंगलवार शाम जेल भेज दिया गया। सारठ थानांतर्गत पुरनी करहैया जंगल में छापेमारी की गयी। जानकारी के अनुसार सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में बैठकर कुछ युवक फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बन लोगों को ठग रहे हैं। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी कर चार युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
साइबर थाना से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सारठ थाना के दरपा गांव निवासी 26 वर्षीय रोहित ठाकुर, पिता- प्रभाकर ठाकुर, 19 वर्षीय निरंजन पंडित, पिता- दशरथ पंडित, सगरुवाबाद गांव निवासी 26 वर्षीय अजीत कुमार दास, पिता- विदेशी महरा, 39 वर्षीय दिलीप कुमार महरा, पिता- भीम महरा शामिल है। सभी आरोपियों के पास से 4 मोबाइल, 3 सिम कार्ड, 2 प्रतिबिंब लिंक में ऐड किया गया सिम कार्ड भी पुलिस ने बरामद की है। झारखंड, बिहार के कई लोगों से ठगी किया गया क्राइम लिंक मिला है। छापेमारी टीम में साइबर थाना के इंस्पेक्टर शिवनारायण कामत, विषेश्वर कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साव के साथ साथ अन्य सशस्त्र बल शामिल थे। फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बन करते थे ठगी :- पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि गिरफ्तार युवक फर्जी फ्लिपकार्ड कस्टमर केयर, एमेजॉन कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और गूगल पर अपने नंबर को फोन-पे कस्टमर केयर के नाम से अपलोड कर आम नागरिकों को ठगते थे। इसके अलावा सभी युवक पीएम किसान योजना, लोन दिलाने, एसबीआई क्रेडिट कार्ड लिंक भेजने जैसे बहाने बनाकर लोगों से ओटीपी, बैंक विवरण और गिफ्ट कार्ड रिडीम कोड लेकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे। जानकारी के अनुसार चारों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर न्यायाधीश के आदेश पर जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार सारठ थाना के सगरुवाबाद गांव निवासी अजीत कुमार महरा, पिता विदेशी महरा पर साइबर थाना में पूर्व से एक मामला दर्ज है। उसमें वह पहले भी साइबर क्राइम के आरोप में जेल जा चुका है। जिले का कई थाना क्षेत्र बना क्राइम जोन :- मिली जानकारी केअनुसार जिले के कई थाना क्षेत्र में साइबर थाना पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी करने के बाद भी साइबर क्राइम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रोज आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद भी साइबर क्राइम में शामिल युवक क्राइम करने से बाज नहीं आ रहे हैं। रोज विभिन्न इलाके ने साइबर क्राइम किया जा रहा है। मोहनपुर, सारठ, पालोजोरी, सारवां, देवीपुर, जसीडीह, करौं, मधुपुर, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में साइबर क्राइम का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वहीं गिरफ्तारी की संख्या भी काफी ज्यादा है। अब तक 735 गिरफ्तार :- पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2025 से अब तक 735 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनके पास से कुल 903 मोबाइल, 1149 सिम तथा प्रतिबिंब ऐप पर ऐड व संचालित 271 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इसकी जांच-पड़ताल साइबर थाना द्वारा किए जाने पर साइबर क्राइम का लिंक मिला है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




