पटना से आए श्रद्धालुओं की पार्किंग में खड़ी बस से लाखों की चोरी

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

पटना के श्रद्धालुओं की 16 बैग नेहरू पार्क पार्किंग से चोरी हो गई। चोरी में लैपटॉप, महंगे मोबाइल, नकदी और दस्तावेज शामिल थे, जिनकी कीमत 10 से 12 लाख रुपए आंकी गई है। श्रद्धालुओं ने बस चालक पर आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तीन खाली बैग झाड़ियों से बरामद की।

पटना से आए श्रद्धालुओं की पार्किंग में खड़ी बस से लाखों की चोरी

शहर के शिवगंगा के पश्चिमी तट अवस्थित नेहरू पार्क पार्किंग में पटना के श्रद्धालुओं की गाड़ी से 16 बैग चोरी कर ली गई। घटना गुरुवार सुबह की बतायी गयी है। चोरी गए बैग में लैपटॉप, महंगे मोबाइल, नकदी समेत अन्य कीमती सामान सहित दस्तावेज थे। चोरी गए सामानों की कीमत 10 से 12 लाख रुपए के आसपास आंकी गयी है। वहीं बस से चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं ने पार्किंग में हंगामा करते हुए गाड़ी के ड्राइवर पर भी आरोप लगाया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में भी जुट गई। जानकारी के अनुसार, पटना से एक कंपनी के 20 कर्मी बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। गाड़ी को नेहरू पार्क की पार्किंग में लगाकर सभी लोग अपना सारा सामान गाड़ी में ही रखकर पूजा करने बाबा मंदिर गए। जब पूजा कर वापस लौटे तो बस में रखी 20 में से 16 श्रद्धालुओं की बैग मिली। बैग में लैपटॉप, मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान थे। श्रद्धालुओं ने पहले बस चालक से पूछा, लेकिन उसने घटना को लेकर जानकारी नहीं होने की बात कही। कुछ श्रद्धालुओं ने चालक पर ही आरोप लगा दिया। बताते चलें कि नेहरू पार्क पार्किंग में पुलिस का आवासन के साथ कंट्रोल रूम भी है। घटना के बाद श्रद्धालुओं ने कंट्रोल रूम पहुंच कर मामले की जानकारी दी। लेकिन पुलिसकर्मियों ने कहा कि जब तक थाने का आदेश नहीं मिलेगा, वह लोग कुछ नहीं कर सकते हैं। इसलिए बेहतर होगा, थाना में जाकर शिकायत दर्ज कराएं। उसके बाद श्रद्धालु सीधे बाबा मंदिर थाना पहुंचे और मामले की सूचना दी。

एसपी को सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस

पीड़ितों में शामिल पटना निवासी पुष्पांशु सिंह ने बताया कि सभी यात्री विभिन्न कंपनियों में कार्यरत हैं। समूह बनाकर बाबाधाम दर्शन के लिए आए थे। बस से चोरी की घटना ने पूरे समूह को परेशान कर दिया है। घटना के बाद पीड़ित पहले बाबा मंदिर थाना पहुंचे, लेकिन वहां से यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला नगर थाना क्षेत्र का है। उसके बाद सभी नगर थाना पहुंचे, जहां काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ पीड़ितों ने मामले की जानकारी एसपी प्रवीण पुष्कर को दी, उसके बाद नगर पुलिस सक्रिय हो गई।

बम-बम पथ में झाड़ी से मिली तीन खाली बैग

नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की। उस दौरान बम-बम बाबा पथ के किनारे झाड़ियों में फेकी गयी श्रद्धालुओं की तीन खाली बैग बरामद की गयी। चोरी के बाद बदमाशों द्वारा बैग वहां फेकने की बात कही जा रही है। वहीं घटनास्थल के पास लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस जांच के केंद्र में हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से महज 40 से 50 फीट दूरी पर एक सरकारी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, लेकिन वह खराब था। यदि कैमरा चालू रहता तो बदमाशों की पहचान में पुलिस को काफी मदद मिल सकती थी। पुलिस ने पार्किंग शुल्क वसूलने वाले कर्मियों की भूमिका को भी संदेह के दायरे में रखा है। पूछताछ के लिए जब पुलिस वहां पहुंची तो संबंधित कर्मी मौके से फरार मिला। उसके बाद पुलिस उसकी भी तलाश में जुट गई है।

दर्जनों गाड़ियों के बीच बनाया निशाना

बताया जा रहा है कि नेहरू पार्क परिसर में घटना के समय करीब 50 वाहनें खड़ी थी, लेकिन चोरों ने केवल इसी बस को निशाना बनाया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बदमाशों को बस में रखे सामान की पहले से जानकारी तो नहीं थी। समाचार लिखे जाने तक सभी पीड़ित नगर थाना में अपने सामान बरामदगी का इंतजार कर रहे हैं।

ड्राइवर बोला-सो गए थे, तभी हुई चोरी

बस ड्राइवर ने अपने ऊपर लगे चोरी के आरोप से इंकार किया है। ड्राइवर ने बताया कि पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद सो गया था। जब दोपहर में धूप लगी तो नींद खुली। उस दौरान सारे गाड़ी सवार पूजा कर लौट भी आए थे। उन्होंने कहा कि सोए में ही सारे बैग चोरी कर लिए गए हैं। चोरी की घटना में उसकी कोई भूमिका नहीं है। बताते चलें कि नेहरू पार्क पार्किंग में अक्सर इस तरह की चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

चोरी गए बैग में क्या-क्या सामान था?
चोरी गए बैग में लैपटॉप, महंगे मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान थे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।