
मुखिया ने एसपी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र की महिला मुखिया ने एक युवक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मुखिया ने एसपी को आवेदन देकर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिससे पंचायत का माहौल खराब हो रहा है और वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
देवघर, प्रतिनिधि। मोहनपुर थाना क्षेत्र के एक पंचायत की महिला मुखिया ने अपने ही क्षेत्र के एक युवक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, जान से मारने की धमकी देने और व्हाट्सऐप ग्रुप में आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया है। मुखिया ने एसपी को आवेदन सौंप त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार युवक पिछले कई दिनों से लगातार व्हाट्सएप ग्रुप में अनर्गल और अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा था। जब मुखिया ने उससे इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने कहा, तो न केवल अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, बल्कि जान मारने की धमकी भी दी।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि युवक की ओर से किए जा रहे असामाजिक पोस्ट से पंचायत का माहौल खराब हो रहा है और कई लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। मुखिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है कि पंचायत के सभी लोगों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करें। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उनका परिवार स्वयं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एसपी से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति जनप्रतिनिधियों या आम नागरिकों के साथ इस प्रकार की हरकत न करें। सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों मुखिया पति और जिस युवक पर मुखिया ने आरोप लगाया है दोनों में पुराना विवाद चल रहा है। उसमें मुखिया पति ने साजिश के तहत गोली चलवाने का मामला थाना में चल रहा है। वर्तमान में मुखिया पति क्षेत्र से फरार चल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




