Deogarh News: चितरा मोड़ पर सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
Deogarh News: पालोजोरी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी पार्टियों का उबाल है। भाकपा ने उन पर लोकतंत्र को खतरे में डालने का आरोप लगाते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने मतदान के अधिकार की रक्षा की मांग की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

Deogarh News: पालोजोरी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कारगुजारियों को लेकर विपक्षी पार्टियों में उबाल है। इसको लेकर आंदोलन चलाया जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है एक दल को फायदा पहुंचाने के मकसद से ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को तो खतरे में डाल ही दिया है। साथ ही चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की साख की मिट्टी पलीद कर दी है।
आंदोलन की शुरुआत
इन्हीं मुद्दों व सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को भाकपा ने भी उग्र आंदोलन करते हुए सीईसी का पुतला दहन पालोजोरी के चितरा मोड़, ऊपरबंधा में किया। आंदोलन व पुतला दहन कार्यक्रम की अगुवाई भाकपा नेता पशुपति कोल रहे थे। पार्टी की ओर से चितरागांधी चौक व ऊपरबंधा मोड़ में पुतला दहन करते हुए विरोध मार्च निकाला। विरोध मार्च बरजोरी होते हुए ऊपरबंधा अवस्थित चितरा मोड़ पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
गांधीजी की याद में श्रद्धांजलि
मार्च शुरू करने से पूर्व भाकपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक अवस्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। नेताओं ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे व विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लिए थे। कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के विरोध और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर नारेबाजी की।
पुतला दहन और स्थायी समाधान की माँग
चितरा मोड़ पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। पशुपति कोल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की है। उन्हें हर हाल में इस्तीफा देना होगा व कड़ी सजा भुगतनी होगी। कहा कि निर्वाचन आयोग को पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतते हुए आमलोगों की शिकायतों और आपत्तियों का निष्पक्ष तरीके से निपटारा करना चाहिए। वहीं, भाकपा नेता होपना मरांडी ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण बुनियाद है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच असमंजस और आशंका का माहौल है।
निर्णायक नेतृत्व की आवश्यकता
यह भी कहा कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से वंचित न हो। भाकपा नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा कराने, यदि किसी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया हो तो उसे पुनः सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची से संबंधित पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की। चितरा गांधी चौक से चितरा मोड़ तक निकले इस मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। मौके पर हरि प्रसाद किस्कू, महेंद्र टुडू, पवन कोल, कामदेव टुडू, मनोज कोल, बाबूजन मारांडी, जीतू कोल, बाबूश्वर हांसदा, मंडल टुडू सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।


