नववर्ष में सुरक्षा के लिए 2200 जवान तैनात होंगे
देवघर में नववर्ष 2025 के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। 2200 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे, जिनमें से कुछ सिविल ड्रेस में होंगे। त्रिकूट पहाड़, नंदन पहाड़ और...

देवघर, प्रतिनिधि नववर्ष 2025 के पहले दिन पर्यटक व धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी अधिक होगीञ इसको लेकर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने का निर्णय लिया है। साल 2024 की अंतिम की रात से नववर्ष को लेकर कुल 2200 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्रिकूट पहाड़, नंदन पहाड़, चिल्ड्रन पार्क, नौलक्खा, तपोवन और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के अलावा धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस तैनात रहेगी। विशेष ध्यान इस बात पर दिया जाएगा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों के अलावा अन्य कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा। सिविल ड्रेस में 55 से अधिक पुलिसकर्मी भी शहर और प्रमुख स्थानों पर गश्त करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिसकर्मियों का मुख्य उद्देश्य मनचलों, चोरों और छिनतई गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करना है, जो अक्सर त्योहारों और नए साल पर सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस विभाग ने सुनिश्चित किया है कि सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, जॉगर्स और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।