खोरादह झाड़ी से बरामद अज्ञात महिला के शव की नहीं पहचान
देवघर के खोरादह मोहल्ले में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। 36 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। शव की पहचान नहीं हो पाई है और फॉरेंसिक जांच के लिए साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है।

देवघर। नगर थाना क्षेत्र के खोरादह मोहल्ला स्थित झाड़ी से बरामद अज्ञात महिला के सड़े-गले शव मामले में 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिससे मामले की जांच और जटिल हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक महिला की चप्पल तथा खून से सनी हुई बोरा जब्त की गई है। आशंका जताई जा रही है कि शव को बोरा में रखकर झाड़ी में फेंका गया होगा।
बरामद सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि हत्या से जुड़े अहम सबूत जुटाए जा सकें। वहीं, दुमका से डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस संकेत नहीं मिल सका है। गौरतलब है कि रविवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने खोरादह की झाड़ी से लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद किया था। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या कई दिन पूर्व की गई होगी। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या पत्थर या किसी भारी वस्तु से सिर कुचलकर की गई है। इसके बाद पहचान छिपाने की नीयत से सिर को जलाने का प्रयास भी किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदा महिलाओं की सूची खंगाल रही है। साथ ही, शव की पहचान के लिए सदर अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जानकारी मिल सके। हालांकि, अब तक किसी प्रत्यक्षदर्शी या ठोस सुराग की पुष्टि नहीं हो सकी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




