युवक की हत्या मामले में चार नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
देवघर रेलवे स्टेशन के समीप मिले युवक के शव ने नया मोड़ लिया है। गजाधर पासवान के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मृतक राजदीप कुमार पासवान की हत्या पत्थर और लोहे की रॉड से की गई थी। पिता ने आरोप लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देवघर। नगर थाना के देवघर रेलवे स्टेशन के समीप मिले एक युवक के शव के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बिहार के बांका जिले के जगतपुर निवासी गजाधर पासवान के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान राजदीप कुमार पासवान उर्फ राजा पासवान के रूप में हुई थी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मामले का विवरण
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गजाधर पासवान ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र राजदीप कुमार पासवान की हत्या कर शव को जटाई मोड़ के समीप देवघर स्टेशन रोड के पास फेंक दिया गया। मामले में दिलीप यादव, नीरज यादव, भोला यादव और मिथलेश यादव को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। आवेदन में कहा गया है कि राजदीप कुमार पासवान पिछले लगभग छह वर्षों से दिलीप यादव के यहां ड्राइवर के रूप में कार्य कर रहा था। उसे प्रतिमाह 30 हजार रुपये वेतन देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से उसका वेतन बकाया था। कई बार मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद राजदीप ने काम छोड़ दिया और बकाया राशि की मांग को लेकर लेबर कोर्ट में मामला दर्ज करने की बात कही थी।
परिवार का आरोप
गजाधर पासवान का आरोप है कि इसके बाद दिलीप यादव उनके घर पहुंचा और बकाया राशि दिलाने का आश्वासन देकर राजदीप को दोबारा अपने साथ काम पर ले गया। परिजनों के अनुसार, इसके बाद 12 जून की सुबह बांका थाना के माध्यम से सूचना मिली कि राजदीप का शव देवघर सदर अस्पताल में रखा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन देवघर पहुंचे, जहां स्थानीय पुलिस ने उन्हें बताया कि युवक का शव अस्पताल में है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर परिजन अपने गांव लौटे और अंतिम संस्कार किया। पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर की गई तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


