Deogarh News: नगर आयुक्त ने निगम की परिसंपत्तियों व सार्वजनिक स्थलों का किया औचक निरीक्षण
Deogarh News: देवघर,प्रतिनिधि।नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं नगर निगम की परिसंपत्तियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं
Deogarh News: देवघर,प्रतिनिधि। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं नगर निगम की परिसंपत्तियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण की शुरुआत महिला आश्रय गृह से की गई। जहां नगर आयुक्त ने उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा रख-रखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रय गृह में रहने वाली महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद टाउन हॉल का निरीक्षण कर भवन की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भवन का नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। उन्होंने नगर निगम के सफाई डिपो का भी निरीक्षण किया। जहां से प्रतिदिन नगर निगम के सफाई वाहन विभिन्न वार्डों के लिए रवाना होते हैं। उन्होंने वाहनों की स्थिति, समय पर संचालन, उपकरणों की उपलब्धता एवं सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी वाहनों का नियमित अनुरक्षण एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद नगर निगम की संपत्ति में सुविधा होटल का निरीक्षण कर भवन की वर्तमान स्थिति, रख-रखाव एवं उपयोगिता की समीक्षा की गई। साथ ही एमएसडब्ल्यूएम वाहन पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर वाहनों के सुव्यवस्थित पार्किंग, रख-रखाव तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने वार्ड संख्या-36 स्थित काली बड़ी क्षेत्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने डिज़नी लैंड मेला लगाए जाने की तैयारियों का संज्ञान लेते हुए संबंधित संचालकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर निगम की अनुमति एवं निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किसी भी प्रकार का मेला या अस्थायी संरचना संचालित नहीं की जाएगी। संबंधित संचालकों को दो दिनों के भीतर स्थल खाली कर अवैध रूप से लगाए गए ढांचे को हटाने का निर्देश दिया गया तथा चेतावनी दी गई कि आदेश का अनुपालन नहीं होने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार, नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास तथा कनीय अभियंता सुमन कुमार उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नगर निगम क्षेत्र की सभी परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव एवं स्वच्छता बनाए हुए रखी जाए। ताकि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


