
नकदी समेत लाखों के आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी
देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह में चुन्नू साह के घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है और जांच जारी है। चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह बासमता निवासी चुन्नू साह के घर का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले की जांच-पड़ताल पुलिस कर रही है। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच प्रक्रिया में जुटी थी। जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार पीड़ित चुन्नू साह पेशे से आभूषण कारीगर है और कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह में सोने-चांदी के आभूषण बनाने का कार्य करता है। उसके घर के समीप दो अलग-अलग बिल्डिंग हैं, जिनमें अलग-अलग सीढ़ियां बनी हैं।
बताया गया कि एक बिल्डिंग की सीढ़ी में गेट नहीं लगा था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने घर में घुसकर दो कमरों का ताला तोड़ा और आलमीरा का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब पांच लाख रुपए नकद के साथ लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए आभूषणों में सोने का 22 ग्राम का एक नेकलेस, 10-10 ग्राम के दो झुमके, 13 ग्राम की एक चेन, 5-5 ग्राम की 2 चेन, 16 ग्राम की एक चेन, 3 ग्राम की एक अंगूठी तथा चांदी के 18 भर के दो मठिया और 16 भर की दो पायल शामिल हैं। पीड़ित चुन्नू साह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब उठा तो घर के कमरों का ताला टूटा देखकर चोरी की जानकारी हुई। उसके बाद थाना में आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग नौ लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




