रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा निवासी विवाहिता की शनिवार रात्रि रहस्यमय परिस्थिति में विषैला पदार्थ खाने की वजह से मौत हो गई। मृतका का नाम रीना देवी उम्र करीब 20 वर्ष था। रीना को शनिवार रात्रि ससुरालवालों द्वारा गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के मायकेवालों ने ससुरालवालों पर दहेज की खातिर पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है।
सीमावर्ती बिहार प्रांत के जमुई जिले के चंद्रमनडीह थाना क्षेत्र के चुनमारायडीह निवासी मृतका के पिता समुंद्र साह ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि 3 जुलाई 2019 को उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा गांव निवासी कारू मंडल के पुत्र अनिल मंडल से रीति- रिवाज के साथ किया था। इस दौरान उनके द्वारा नकद 3 लाख रुपए, हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, करीब 1 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात सहित बर्तन आदि ससुरालवालों को देकर पुत्री को विदा किया था। शादी के कुछ दिनों बाद तक ससुराल में उसे ठीक से रखा गया। कुछ दिनों बाद सास-ससुर, पति व देवर ने मायके से एक लाख रुपए मांगने कहा। पुत्री ने कहा कि उसके पिता बहुत गरीब हैं। शादी में ही उन्होंने बहुत पैसे खर्च किए हैं। लेकिन ससुरालवाले नहीं माने व प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस संदर्भ में पुत्री ने फोन कर बताया था। उन्होंने ससुरालवालों को समझाने की बात कही थी। उन्होंने उनलोगों से मिलकर समझाया कि बाद में कमाकर कुछ पैसा दे देंगे। उसी दौरान शनिवार रात्रि करीब 9 बजे उनकी पुत्री ने उनसे फोन पर बात की व बताया कि ससुरालवाले काफी निर्दयी हैं। अक्सर मारपीट करते हैं और कभी भी हत्या कर सकते हैं। उसके बाद रात्रि करीब 11 बजे समधी कारू मंडल का फोन आया। कहा कि उनकी पुत्री रीना देवी ने जहर खा ली है और इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आए हैं। सूचना के बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर देखा कि उनकी पुत्री मृत अवस्था में स्ट्रेचर पर पड़ी थी। उन्होंने दावा किया है कि दहेज के रूप में रुपए नहीं देने के कारण उसके पति, सास, ससुर व देवर ने मिलकर उनकी पुत्री को जान मारने की नीयत से जहर खिला दिया और बेहोशी की हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जहां मौत हो गई। पुलिस मृतका के पिता का फर्दबयान लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता द्वारा दिए गए लिखित बयान के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।