Deogarh News: दामोदर ग्राम में झूलन महोत्सव का आगाज, राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर होंगे श्रद्धालु
Deogarh News: - 23 से 28 अगस्त तक चलेगा छह दिवसीय उत्सव, भजन-कीर्तन और झूलन लीला बनेगी आकर्षण का केंद्र देवघर-जसीडीह मुख्य मार्ग पर रोहिणी मोड़ के सामने दामोदर ग्रा

Deogarh News: देवघर-जसीडीह मुख्य मार्ग पर रोहिणी मोड़ के सामने दामोदर ग्राम में 23 अगस्त से झूलन महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। छह दिनों तक चलने वाला यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्सव 28 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। महोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की झूलन लीला, भजन-कीर्तन, संकीर्तन और विशेष आरती का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस संबंध में इस्कॉन देवघर के प्रमुख श्रीनिवास गोपाल दास ने कहा कि झूलन यात्रा, जिसे झूलन पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दिव्य एवं शाश्वत प्रेम का प्रतीक माना जाता है। श्रावण मास में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व वैष्णव परंपरा में बताया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अवधि में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगे सजावट से सुसज्जित झूले पर विराजमान कर झुलाया जाता है। श्रद्धालु भक्ति भाव से झूला झुलाते हुए भगवान की लीलाओं का स्मरण करते हैं और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं。
भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है महोत्सव
महोत्सव के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन, भजन और प्रवचन के माध्यम से भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार झूलन यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भगवान और भक्त के बीच प्रेम एवं समर्पण के संबंध को मजबूत करने का माध्यम भी है। यह उत्सव लोगों को आध्यात्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति का आनंद प्रदान करता है। देवघर इस्कॉन में भी प्रतिदिन शाम छह बजे से 7:30 बजे तक विशेष झूलन उत्सव आयोजित की जा रही है। इस दौरान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, संध्या आरती और भजन-कीर्तन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। आयोजन स्थल को फूलों और रंगीन रोशनी से सजाया गया है, जिससे भक्तों को वृंदावन जैसी आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है। इस्कॉन देवघर के प्रमुख ने जिले और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से झूलन महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के प्रेम, भक्ति और समर्पण का संदेश देता है। श्रद्धालु इस अवसर का लाभ उठाकर भगवान की कृपा प्राप्त करें तथा भागवत प्रेम की परंपरा को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

