ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड देवघरझारखंड बंद का देवघर में मिलाजुला असर

झारखंड बंद का देवघर में मिलाजुला असर

भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के खिलाफ गुरूवार को आयोजित संयुक्त विपक्ष के झारखंड बंद का मिला जुला असर रहा। पूरे जिले में 1190 बंद समर्थक गिरफ्तार और रिहा किये गये। दोपहर 12 बजे तक बाजार में दुकानें...

झारखंड बंद का देवघर में मिलाजुला असर
हिन्दुस्तान टीम,देवघरFri, 06 Jul 2018 12:18 AM
ऐप पर पढ़ें

भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के खिलाफ गुरूवार को आयोजित संयुक्त विपक्ष के झारखंड बंद का मिला जुला असर रहा। पूरे जिले में 1190 बंद समर्थक गिरफ्तार और रिहा किये गये। दोपहर 12 बजे तक बाजार में दुकानें बंद रही और सड़कों पर वाहनों का परिचालन काफी कम रहा। हालांकि दोपहर 12 बजे तक बंद समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद स्थितियां सामान्य हो गयीं। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी और व्यवसायी अपनी दुकानें खोलने लगे। दोपहर दो बजे के बाद हड़ताल पूरी तरह खत्म हो गयी। इसके पहले बंद को सफल बनाने के लिए सुबह आठ बजे से ही राजद, कांग्रेस, झामुमो, झाविमो व सीपीआई के नेता व कार्यकर्ता संयुक्त रूप से सड़क पर उतर गये थे। झंडा बैनर के साथ सभी विपक्षी दलों के नेताओं ने एक साथ शहर के प्रमुख मार्गों में जुलूस निकाला और बाजार बंद कराया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से समर्थकों को हुड़दंग मचाने का अवसर नहीं मिला और बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। बंद में सबसे अधिक गिरफ्तारी सारठ थाना से हुई। यहां पर विपक्षी दलों के 200 नेता व कार्यकत्र्ता गिरफ्तार किये गये। इसके बाद देवघर में 168 नेताओं व कार्यकर्ताओं को एसडीओ रामनिवास यादव व एसडीपीओ विकासचंद्र श्रीवास्तव ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में मधुपुर थाना तीसरे स्थान पर है जहां पर 142 लोगों को गिरफ्तार किया गया। देवघर में गिरफ्तारी देने वालों में पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, विधायक बादल पत्रलेख सहित कांग्रेसी नेता मणिशंकर, मुन्नम संजय, रविन्द्र मिश्र, झामुमो के निर्मला भारती, सुरेश साह, राजद के रंजन महथा, नित्यानंद केशरी, रामेदव यादव, मुरारी यादव, झाविमो के नागेश्वर शर्मा, बिनोद वर्मा, दिनेश मंडल, जूनियर बाबूलाल मरांडी, सीपीआइ के बासुदेव देव, रघुपति पंडित, मजदूर नेता संजय मंडल सहित गिरफ्तारी के बाद सभी को टाउन थाना परिसर में रखा गया। तीन बजे सभी को रिहा कर दिया गया। निर्मला भारती ने किया अलग से प्रदर्शन : झामुमो नेत्री निर्मला भारती ने गुरुवार को बंद में अलग से प्रदर्शन किया। उन्होंने पार्टी के महिला कार्यकर्ताओं के साथ टावर चौक से लेकर सत्संग चौक तक शांतिपूर्ण बंद कराया। मधुपुर : पटना-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन रोकी: भूमि अधिग्रहण बिल के विरोध में झारखण्ड बंद का असर मधुपुर में भी दिखा। दुकानें और प्राईवेट शिक्षण संस्थान बंद रहे। बंद समर्थकों का अलग-अलग जत्था घूम-घूमकर दुकानें बंद कराता रहा। पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के साथ नप अध्यक्ष ललिका मुर्मू भी दुकानदारों से बंद का अनुरोध करते दिखे। बंद समर्थक दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन पर बैठ गए। पटना से हावड़ा जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 9:30 में रोक दी और इंजन पर चढ़कर केन्द्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रेल अधिकारी और सुरक्षा अधिकारियों ने बंद समर्थकों को समझा-बुझाकर इंजन से उतारा। नप उपाध्यक्ष समेत अन्य पर प्राथमिकी : मधुपुर में ट्रेन बाधित करने के आरोप में नप उपाध्यक्ष जियाउल हक, झाविमो नेता सहिम खा, कांग्रेस नेता फैयाज कैशर, राजद नेता सहूद अंसारी समेत करीब 200-250 लोगों पर रेलवे एक्ट उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है।सोनारायठाढ़ी : पूर्व मंत्री हरिनारायण राय के नेतृत्व में बंद:विपक्षी दलों द्वारा आयोजित झारखंड बंद के दौरान सोनारायठाढ़ी में बंद का असर देखा गया। जेएमएम नेता सह पूर्व मंत्री हरिनारायण राय के नेतृत्व में कांग्रेस व अन्य महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें