आभूषण दुकान लूटकांड में तेज हुई जांच

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

देवघर, प्रतिनिधिमोहनपुर थाना क्षेत्र के चांदनाठाढ़ी मोड़ स्थित आभूषण दुकान में हुए लूटकांड और फायरिंग मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के

आभूषण दुकान लूटकांड में तेज हुई जांच

देवघर, प्रतिनिधि मोहनपुर थाना क्षेत्र के चांदनाठाढ़ी मोड़ स्थित आभूषण दुकान में हुए लूटकांड और फायरिंग मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के तीसरे दिन एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह व पुलिस इंस्पेक्टर कृष्णा नंद सिंह व थाना प्रभारी सालो हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने आसपास के लोगों व दुकानदारों से पूछताछ कर घटना से संबंधित कई अहम जानकारियां जुटाईं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने चांदनाठाढ़ी मोड़ स्थित बुद्धिनाथ साह की आभूषण दुकान में धावा बोल दिया था।

हथियार के बल पर अपराधियों ने दुकानदार को कब्जे में लेकर करीब 2.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक भर से अधिक सोने के जेवरात लूट लिया था। विरोध करने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी आराम से फरार हो गए थे। मामले में दुकानदार बुद्धिनाथ साह के आवेदन पर चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी सालो हेंब्रम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जांच के क्रम में बुधवार को एसडीपीओ और इंस्पेक्टर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से अपराधियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार कई फुटेज में अपराधियों का हुलिया स्पष्ट नजर आ रहा है। पुलिस तकनीकी टीम मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि अपराधियों ने स्थानीय नेटवर्क की मदद से पहले इलाके की रेकी की और उसके बाद घटना को अंजाम दिया। इसी शक के आधार पर पुलिस क्षेत्र के संदिग्ध लोगों और अपराधियों के संपर्क में रहने वालों की गतिविधियों की जांच कर रही है। दुमका जिला के अलग-अलग गांवों में भी पुलिस पहुंचकर छापेमारी कर रही है तथा कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। सूत्रों के अनुसार इस लूटकांड का तार बिहार से जुड़े गिरोह से भी हो सकता है। पुलिस को कुछ तकनीकी इनपुट मिले हैं, जिसके आधार पर सीमावर्ती इलाकों में भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कुछ मुखबिरों को भी सक्रिय किया है ताकि अपराधियों के ठिकाने और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।