
विश्व आयोडीन न्यूनता विकार दिवस पर जागरुकता रैली
देवघर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व आयोडीन न्यूनता विकार दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आयोडीनयुक्त नमक के उपयोग के महत्व को बताना और आयोडीन की कमी से होने वाले स्वास्थ्य...
देवघर। विश्व आयोडीन न्यूनता विकार दिवस के अवसर पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को आयोडीनयुक्त नमक के उपयोग के महत्व व आयोडीन की कमी से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। रैली की शुरुआत जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन एवं डीपीसी प्रवीण सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। रैली में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, सहिया, एएनएम प्रशिक्षणार्थियों एवं चिकित्सा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर जन-जागरूकता के नारे लगाए आयोडीनयुक्त नमक अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं।

हर घर में आयोडीन नमक गोइटर से बचाव का एकमात्र उपाय। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लोगों को आयोडीन के महत्व के बारे में जानकारी देती रही। प्रतिभागियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में केवल आयोडीन युक्त नमक का ही उपयोग करें, ताकि वह और उनका परिवार स्वस्थ रह सके। इस अवसर पर डीपीसी प्रवीण सिंह ने कहा कि आयोडीन शरीर के लिए एक अत्यंत आवश्यक पोषक तत्व है, जो थायरॉयड ग्रंथि के सुचारू कार्य के लिए जरूरी होता है। आयोडीन की कमी से बच्चों में मानसिक विकास रुक जाता है, जबकि वयस्कों में घेंघा, बहरापन और मंदबुद्धि जैसी गंभीर बीमारियां उत्पन्न हो सकती हैं। कहा कि आयोडीनयुक्त नमक का नियमित सेवन न केवल घेंघा जैसी बीमारी से बचाव करता है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाता है। हर परिवार को सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके घर में केवल पैक आयोडीन युक्त नमक ही प्रयोग में लाया जाए। कार्यक्रम समापन पर सभी प्रतिभागियों ने आयोडीनयुक्त नमक के नियमित उपयोग की शपथ ली और समाज में इस संदेश को व्यापक रूप से फैलाने का संकल्प लिया। आयोडीन न्यूनता विकार दिवस हर वर्ष लोगों को यह याद दिलाने के लिए मनाया जाता है कि आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियां पूर्णतः रोकी जा सकती हैं। बशर्ते सभी जागरूक होकर अपने खानपान में आयोडीन युक्त नमक को अनिवार्य रूप से शामिल करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




