कोर्ट से लौट रही महिला-पुरूष व युवतियों से मारपीट
देवघर में कोर्ट परिसर के बाहर दो युवतियों और उनके माता-पिता पर युवकों ने हमला किया। एक युवती के कान से खून बहने लगा। यह घटना उस समय हुई जब पीड़िता ने दहेज के दबाव के चलते न्यायालय में वाद दायर किया था। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, जबकि अन्य फरार हो गए।

देवघर, प्रतिनिधि। कोर्ट परिसर के बाहर निकल रही दो युवती व उसके माता-पिता से युवकों ने मारपीट कर महिला को जख्मी कर दिया, वहीं एक युवती के कान में चोट लगने से खून बहने लगा। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, जसीडीह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की करीब एक वर्ष पूर्व प्रेम प्रसंग के बाद अंतरजातीय विवाह हुआ था। शुरुआत में दोनों का दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद युवक के परिजनों द्वारा दहेज लाने का दबाव बनाए जाने लगा।
जब पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी, तो पिता ने आर्थिक असमर्थता जताई। उसके बाद दोनों के बीच संबंध बिगड़ गए और विवाह टूट गया। पूरे मामले को लेकर पीड़िता ने न्यायालय में वाद दायर किया है। शुक्रवार को मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी थी, इसके लिए दोनों पक्षों को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। युवक अपने साथ कई दोस्तों को लेकर कोर्ट पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन आपसी सहमति नहीं बन पाई। उसके बाद न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए दूसरी तारीख तय कर दी। कोर्ट की कार्यवाही के बाद जब पीड़िता, उसके माता-पिता और बहन कोर्ट परिसर से बाहर निकलकर वकालत के चहारदीवारी के पास अंग्रेजी ऑफिस की ओर पैदल जा रहे थे, तभी कई युवकों ने घेरकर युवती और उसकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसी दौरान एक युवक ने महिला के गले से सोने की चेन भी छीन ली। बीच-बचाव करने के दौरान महिला का हाथ कट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एक आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने थाना में आवेदन देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


