10 एयरमेन सलेक्शन सेंटर बिहटा की टीम ने डीसी से की मुलाकात
देवघर,प्रतिनिधि। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में सोमवार को भारतीय वायु सेना की ओर से युवाओं को सशक्त बनाने और करियर के अवसरों के प्रति जाग

समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में सोमवार को भारतीय वायु सेना की ओर से युवाओं को सशक्त बनाने और करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 10 एयरमेन सलेक्शन सेंटर बिहटा की तीन सदस्यीय टीम ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात की। साथ ही जिले में संचालित जागरूकता अभियानों को लेकर विस्तार पर चर्चा की। इस दौरान डीसी ने वायु सेना की इस पहल की सराहना करते हुए विशेष रूप से जिले के ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और सूचना की आवश्यकता है।
वायु सेना की टीम ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए दुर्गम इलाकों में भी विशेष शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही बदलते समय के साथ अधिक से अधिक युवाओं तक जुड़ने के लिए बैठक में ऑनलाइन जागरूकता के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान डीसी ने वायु सेना की टीम को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। इस दौरान कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर अरविंद सिंह रावत एवं वायु सेना के अधिकारी व संबंधित जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


