
झारखंड बनेगा टेक्नोलॉजी हब : डॉ.निशिकांत
जसीडीह में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में तकनीकी क्षेत्र के हूल उन्नयन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के आदिवासी युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। यह कार्यक्रम समाज में नई जागरूकता लाने और साइबर अपराध पर नियंत्रण लगाने में मदद करेगा।
जसीडीह,प्रतिनिधि। जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र अवस्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में टेक्नोलॉजी क्षेत्र के हूल उन्नयन कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत प्रगत संगणन विकास केंद्र (सी-डैक) द्वारा शुरू किया गया यह कार्यक्रम झारखंड को ऐतिहासिक टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में झारखंड के आदिवासी समुदाय के लगभग एक लाख 35 हजार युवाओं को टेक्नोलॉजी का मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। ये प्रशिक्षित युवा समाज के अन्य लोगों को डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
सी-डैक के माध्यम से आदिवासी बच्चों का कौशल विकास कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की योजना है। जिससे क्षेत्र में साइबर अपराध पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी और समाज में नई जागरूकता आएगी। सांसद ने कहा कि देश के बड़े शहरों में पहले से 12 केंद्र संचालित हैं। जबकि झारखंड में 13 वां केंद्र स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने आदिवासी बच्चों में पाए जाने वाले सिकल सेल एनीमिया की पहचान और उपचार में भी सी-डैक की तकनीकी सहायता का उल्लेख किया। इस दिशा में देवघर एम्स के सहयोग से उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। देश की अनेक समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभा रही है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस : उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज देश की अनेक समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभा रही है और नई तकनीकों के विकास से भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देवघर हवाई अड्डे पर भविष्य में विमानों और हेलीकॉप्टरों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए अगले छह माह के भीतर मेंटेनेंस सेंटर स्थापित करने की योजना है, जिसका प्रशिक्षण सी-डैक देगा। साथ ही सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में विदेश यात्रा के लिए वीजा संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। वर्तमान में युवाओं को ड्रोन संचालन, मरम्मत और निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सी-डैक मुंबई के कार्यकारी निदेशक आदित्य कुमार सिन्हा, पटना केंद्र प्रमुख अभिनव दीक्षित, एसटीपीआई के अतिरिक्त निदेशक सिद्धार्थ कुमार राय, बीआईटी सिंदरी व देवघर के प्रतिनिधि तथा रामसेवक गुंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




