ढाई महीने से वेतन नहीं, स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश

Newswrap हिन्दुस्तान, देवघर
share

देवघर,प्रतिनिधिस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पिछले ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण नाराजगी बढ़ती जा रही है। वेतन भुगतान नहीं होने से कर्मचा

ढाई महीने से वेतन नहीं, स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश

देवघर,प्रतिनिधि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पिछले ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण नाराजगी बढ़ती जा रही है। वेतन भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ व एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द भुगतान की मांग की है। मामले को लेकर कर्मचारी संघ के नेताओं ने सदर अस्पताल के डीएस को आवेदन सौंपा है। कर्मचारी संघ के नेता मनोज मिश्र ने बताया कि लंबे समय से वेतन लंबित रहने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों की स्थिति दयनीय हो गई है। कई कर्मचारी परिवार चलाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के बीच भारी आक्रोश है और अब लोग भुखमरी जैसी स्थिति का सामना करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में दिन-रात कार्य करने वाले कर्मियों को इस प्रकार की परेशानी झेलनी पड़ रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मनोज मिश्र ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लगातार अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में अपनी सेवा दे रहे हैं। बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलना गंभीर मामला है। कहा कि कर्मचारियों के सामने बच्चों की पढ़ाई, घर खर्च, दवा व अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारी संघ ने डीएस को सौंपे गए आवेदन में मांग की है कि लंबित वेतन का भुगतान अविलंब कराया जाए। साथ ही भविष्य में समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। संघ का कहना है कि अगर एक सप्ताह के भीतर वेतन भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारियों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। संघ नेताओं ने चेतावनी दी है कि वेतन भुगतान में और देरी होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग एवं प्रशासन की होगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।