
25 वीं पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में मधुपुर के हरिलाल टुडू ने रचा इतिहास
मधुपुर के आदिवासी दिव्यांग खिलाड़ी हरिलाल टुडू ने हैदराबाद में आयोजित 25 वीं पारा स्विमिंग चैंपियनशिप में झारखंड का नाम रोशन किया। हरिलाल ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्टोक में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा, उन्होंने 50 मीटर फ्री स्टाइल में कास्य पदक भी हासिल किया।
मधुपुर,प्रतिनिधि। हैदराबाद में आयोजित 25 वीं पारा स्विमिंग चैंपियनशिप 2025- 26 में मधुपुर प्रखंड अंतर्गत सिकटिया पंचायत के दुलमपुर गांव निवासी आदिवासी दिव्यांग खिलाड़ी हरिलाल टुडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड राज्य का नाम देश स्तर पर रोशन किया है। हरिलाल ने 50 मीटर मेंस बैक स्ट्रोक स्पर्धा में 00.46.06 सेकंड के उत्कृष्ट समय के साथ सभी प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके साथ ही ब्रेस्ट स्टोक 50 मीटर 48 सेकंड में पूरा कर दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उनके इस प्रदर्शन ने झारखंड की पैरा स्पोर्ट्स प्रतिभा को राष्ट्रीय पोर्टल पर मजबूती से स्थापित कर दिया है।

इसके अलावा हरिलाल टुडू ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में भी बेहतरीन तैराकी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 00.37.00 सेकंड समय दर्ज कर कास्य पदक जीता। इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी का समय 00.35.00 सेकंड रहा। हरिलाल के कोच सुनील कुमार विश्वास ने अपने शिष्य की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हरिलाल ने मुझे सर्वश्रेष्ठ गुरु दक्षिणा दी है। यह पदक मेरे लिए और झारखंड के लिए कोहिनूर हीरे से भी ज्यादा कीमती है। पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी ने कहा है कि हरिलाल की उपलब्धि यह साबित करती है कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, सिर्फ जरूरत है उन प्रतिभाओं को तलाशने और निखारने की। सिकटिया पंचायत की मुखिया मरियम टुडू ने हरिलाल टुडू को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। कहा कि कठिन परिस्थितियों और सीमित सुविधाओं के बावजूद लगन और मेहनत से हरिलाल टुडू राष्ट्रीय फलक पर चमके हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




