गोड्डा : महागामा में बैंक ऑफ इंडिया में लूट का प्रयास
- गार्ड को मारी गोली, छाती में फंसी है गोली गोड्डा : महागामा में बैंक ऑफ इंडिया में लूट का प्रयास गोड्डा : महागामा में बैंक ऑफ इंडिया में लूट का प्रयास

देवघर, प्रतिनिधि। गोड्डा जिला के महागामा थाना अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया शाखा में सोमवार सुबह लूट की नीयत से पहुंचे अपराधियों ने सुरक्षा में लगे गार्ड को गोली मार दी। गोली लगने से 45 वर्षीय गार्ड विनोद कुमार सिंह, पिता- अवधेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर लाया गया। यहां गोली निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रयास असफल होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एम्स देवघर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक एम्स में डॉक्टरों की टीम गार्ड के शरीर से गोली निकालने के प्रयास में जुटी थी।
घायल गार्ड विनोद कुमार सिंह गोड्डा जिला के ठाकुरगंगटी गांव निवासी है। वर्तमान में महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर में परिवार के साथ रहता है। जानकारी के अनुसार एक निजी कंपनी के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया में गेट पर सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। घटना की कहानी, गार्ड की जुबानी : गार्ड विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बैंक में लूट के प्रयास की घटना सोमवार सुबह बैंक खुलने के कुछ देर बाद की ही है। बताया कि एक युवक हेलमेट पहनकर बैंक में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। गार्ड ने उसे बैंक के नियम के तहत हेलमेट हटाकर अंदर जाने कहा। उसी बात को लेकर युवक ने अपने अन्य साथियों को वहां बुला लिया और देखते ही देखते एक युवक ने कमर से देसी कट्टा निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उस दौरान गार्ड विनोद ने साहस का परिचय देते हुए एक अपराधी को बैंक से बाहर जाने से रोक दिया और पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया। उसी क्रम में गार्ड को एक गोली मारकर गेट खोलकर सभी अपराधी बैंक में प्रवेश कर गये। हालांकि बैंक के बाहर हो रही घटना को देख बैंक अधिकारियों ने लॉकर बंद कर दिया। बताया जाता है कि उसी कारण बैंक में लूट का प्रयास सफल नहीं हो सका। उस बीच मामले की जानकारी आसपास के लोगों व बैंक आने-जाने वाले अन्य ग्राहको को होने पर घटनास्थल पर भीड़ जुटने लगी। लोगों की भीड़ जुटता देख सभी अपराधी दो बाइकों से मौके से फरार होने में सफल हो गये। उधर मामले की जानकारी पुलिस को होने पर सबसे पहले घायल गार्ड को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे देवघर रेफर कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


