सड़क दुर्घटना में दादी व पोता की मौत
सारवां। देवघर-सारठ मुख्य मार्ग स्थित घोरपरास स्कूल के समीप रविवार दोपहर को हुई सड़क हादसे में मोहनपुर थाना क्षेत्र के सियाटांड़ निवासी दादी-पोता की...

सारवां। देवघर-सारठ मुख्य मार्ग स्थित घोरपरास स्कूल के समीप रविवार दोपहर को हुई सड़क हादसे में मोहनपुर थाना क्षेत्र के सियाटांड़ निवासी दादी-पोता की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बताया जाता है कि दादी और पोता बिसनपुर दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना कर मुख्य मार्ग से पैदल घर की ओर जा रहे थे। लोगों ने बताया कि देवघर से सारठ की ओर जा रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो वाहन ने दादी और पोते को कुचल दिया। जिसमें दोनो को मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के अनुज विक्रम पत्रलेख अपने समर्थक के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही घटना की सूचना पाकर सारवां थाना प्रभारी प्रदीप कुमार लकड़ा व एसआई उमेश कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंच गए। उधर इस घटना की जानकारी पाकर घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा गए। आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा मुआवज़े की मांग को लेकर देवघर- सारठ मुख्य मार्ग में घटनास्थल पर जाम कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक महिला का पुत्र राजेश रवानी की मौत 2 साल पूर्व सड़क दुर्घटना में घोरपरास जंगल के पास हो गई थी। तब सरकार की ओर से उसके आश्रित को कोई मुआवजा नहीं मिला। आज राजेश रवानी की अधेड़ मां और 15 वर्षीय पुत्र की मौत ठीक उसी स्थल पर सड़क हादसे में हो जाना लोग इसे विडंबना मान रहे हैं। इस सड़क दुर्घटना में सियाटांड़ निवासी 72 वर्षीया महिला गौरी देव्या एवं उसका 15 वर्षीय पोता की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर घटनास्थल पर जाम कर दिया गया। जाम करीब डेढ़ घंटे तक रहा। इस दौरान सड़क जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्र भ्रमण पर निकले कृषि मंत्री जाम स्थल पर पहुंचे एवं मृतक के परिजनों को समझाबुझा कर जाम हटवाया गया। मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने मृतक के आश्रित को समुचित मदद का भरोसा दिया।
