घोरमारा में धूमधाम से मनी सरस्वती पूजा
देवघर के मोहनपुर प्रखंड के घोरमारा क्षेत्र में सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न टोले और मोहल्लों में मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गईं और पूजा विधि-विधान से सम्पन्न हुई। इस वर्ष इलेक्ट्रॉनिक सजावट ने विशेष आकर्षण पैदा किया, और भक्तों की भीड़ दिनभर पंडालों में रही।

देवघर। मोहनपुर प्रखंड के घोरमारा क्षेत्र में सरस्वती पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। क्षेत्र के विभिन्न टोले और मोहल्लों में मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा को लेकर पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना रहा और भक्तों की भीड़ दिनभर पंडालों में उमड़ती रही। घोरमारा के ऊपर टोला और नीचे टोला में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमाओं में इस वर्ष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और आधुनिक सजावट ने विशेष आकर्षण पैदा किया। अभ्यास पाठशाला परिसर में स्थापित प्रतिमा को मुंबई के तर्ज पर एलईडी लाइट से भव्य रूप से सजाया गया था, जो देर रात तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
रंग-बिरंगी लाइटों से सजा पंडाल क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। इसके अलावा बैंक मोड़ बांक, काली मंदिर बांक, बढ़ई टोला, रघुनाथपुर, मोहनपुर बाजार, जयपुर मोड़, हिंडोलावरन, बारा, बांझी, सिमरजोर, बुझ़वाकुरा, जमुनियां, बलथर मोड़ सहित आसपास के सैकड़ों स्थानों पर भी मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराई गई। पूजा पंडालों में बच्चों और युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और सफलता का आशीर्वाद मांगा। आयोजकों द्वारा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। वहीं मोहनुपर पुलिस की व्यवस्था भी चुस्त -द्रुस्त देखी गई । स्थानीय लोगों ने बताया कि सरस्वती पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूत करती है। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और पूजा के दौरान भक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


