
माता काली का हुआ भव्य शृंगार व अभिषेक
संक्षेप: मधुपुर में मां काली की पूजा सोमवार रात धूमधाम से हुई। विभिन्न मंदिरों में काली माता की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा अर्चना की गई। भक्तों ने माता को सोने-चांदी के आभूषण और फूलों की मालाएं पहनाई। पूजा...
मधुपुर। अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मां काली की पूजा सोमवार रात धूमधाम से हुई। कई मां काली मंदिरों और विभिन्न दुर्गा मंडपों में काली माता की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम के साथ निशि रात्रि को मां का अभिषेक और भव्य शृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान माता को सोना, चांदी, बेलपत्र और लाल जावा के फूलों की माला पहनाई गई। चांदी का मुकुट भी माता को पहनाकर विशेष पूजा की गई। विभिन्न मंदिरों में ईख, केला और बथुआ की बलि दी गई। इस दौरान मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इसके अलावे मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विभिन्न दुर्गा मंदिर और मोहल्ले में काली माता की पूजा-अर्चना की गई।
खलासी मोहल्ला मिलन संघ दुर्गा मंदिर में मां श्यामा काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। श्रीश्री सिद्धेश्वरी दुर्गा मंदिर पत्थरचपट्टी दुर्गा मंदिर में माता काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधानपूर्वक पूजा की गई। मीना बाजार, न्यू कॉलोनी, कालीपुर टाउन, सेठ विला, पुलपार, लालगढ़, गड़िया समेत कई जगहों पर मां काली की आराधना की गई। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पूजा में शामिल हुए। देर रात तक मां काली की पूजा संपन्न होने के साथ महाभोग व पुष्पांजलि अर्पित की गई। खिचड़ी, खीर, सब्जी व चटनी का महाप्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया। पूजा को लेकर मंदिर और पंडालों को आकर्षक रंगीन बिजली बल्बों से सजाया गया और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




