अनाथालय में लकड़ी व ओल्ड एज होम में कोयले पर बन रहा भोजन
देवघर में गैस की कमी के कारण अनाथालयों और ओल्ड एज होम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नारायण सेवा आश्रम में 50 बच्चे लकड़ी पर भोजन बना रहे हैं। गैस सिलेंडर की कमी के चलते ओल्ड एज होम में कोयले पर खाना बनाया जा रहा है। ई-केवाईसी के कारण गैस प्राप्ति में भी समस्या हो रही है।

देवघर। खाड़ी में चल रही जंग से गैस की किल्लत के बीच गरीबों सहित अनाथालयों और ओल्ड एज होम को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में जब पड़ताल की गई तो शनिवार को नारायण सेवा आश्रम अनाथालय देवघर में लकड़ी पर भोजन बनाते हुए देखा गया। मौके पर अनाथालय के संचालक हरेराम पांडेय ने कहा कि छोटा-बड़ा मिलाकर कुल 50 बच्चे अनाथालय में रहते हैं। दो घरेलु रसोई गैस का कनेक्शन है। जिससे पूरा महीना नहीं चल पाता है। 3 दिन में 1 गैस सिलेंडर खत्म हो जाता है। महीना में कम से कम 10 गैस सिलेंडर की खपत है।
पहले मैनेज हो जाता था, लेकिन अब मैनेज नहीं हो पा रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था में लकड़ी पर भोजन बनाया जा रहा है। लकड़ी मिल वाला लकड़ी उपलब्ध करा देता है। कहा कि विगत 5 दिनों से गैस की दिक्कत हो रही है। एजेंसी द्वारा 25 दिन में एक बार गैस देने का बंधन लगा दिया गया है। वहीं ओल्ड एज होम संचालक जयकांत यादव ने कहा कि गैस की दिक्कत है और बजट भी काफी कम है। इसे लेकर ओल्ड एज होम में कोयले पर भोजन बनाया जाता है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार मंडल कारा देवघर में खाना बनाने की व्यवस्था में कोई दिक्कत नहीं है। समय पर कॉमर्सियल गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जा रहा है और उसी से जेल में भोजन बनाया जा रहा है।ई-केवाईसी कराने गैस एजेंसी कार्यालय में भीड़: वहीं शनिवार को बंपास टाउन स्थित गैस एजेंसी कार्यालय में ई-केवाईसी कराने और घरेलू रसोई गैस का बुकिंग कराने के लिए काफी संख्या में महिला-पुरुष उपभोक्ताओं की कतार लंबी देखी गई। इस दौरान कतार में खड़े लोगों ने कहा की बिना ई-केवाईसी के अब गैस मिलना मुश्किल हो रहा है। इसलिए ई-केवाईसी कराने के लिए कार्यालय आए हैं। ई-केवाईसी होने के बाद भी गैस के लिए नंबर लग सकेगा। मौके पर उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस का उपयोग करने वाले गरीब मुकेश कुमार ने कहा कि तीन महीना पहले रसोई गैस लिया था। अभी बुकिंग के लिए नंबर नहीं लग रहा है। बोला जा रहा है ई-केवाईसी करने के बाद ही अब रसोई गैस उपलब्ध हो पाएगा। इसे लेकर ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी का कार्यालय पहुंचे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


