धर्मपुर मोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
देवघर के पालोजोरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय मजदूर रवि राय की मौत हो गई। वह रोज की तरह काम से घर लौट रहा था। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

देवघर। प्रतिनिधि पालोजोरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोड़ के पास बुधवार की रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल चल रहे मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पालोजोरी थाना क्षेत्र के बदीया गांव निवासी 40 वर्षीय रवि राय के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रवि राय रोज की तरह मजदूरी कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोड़ के पास पहुंचा, उसी दौरान अज्ञात वाहन चालक ने गाड़ी को नियंत्रण में न रखते हुए उसे टक्कर मार दी। इस घटना में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल भेजा।
हालांकि, ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद रवि राय को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हीरालाल राय ने बताया कि उनका भाई घर लौटते समय सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। रवि रोज की तरह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। पालोजोरी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है और अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




