Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsEnhancing Crime Investigation Quality in Deoghar High-Level Police Meeting Held
साक्ष्य संकलन व कांड दैनिकी की गुणवत्ता की समीक्षा

साक्ष्य संकलन व कांड दैनिकी की गुणवत्ता की समीक्षा

संक्षेप:

देवघर,प्रतिनिधि।जिले में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने के

Dec 10, 2025 12:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवघर
share Share
Follow Us on

देवघर,प्रतिनिधि। जिले में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार दोपहर 2 बजे पुलिस केंद्र में उच्चस्तरीय बैठक की गई। अध्यक्षता एसपी सौरभ ने की। अपर लोक अभियोजक तथा सहायक लोक अभियोजक सहित जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा विभिन्न थानों से चयनित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस आरक्षी उपस्थित थे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य अपराध स्थलों पर फोटोग्राफी वीडियोग्राफी, वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य एकत्रित करने, केस डायरी (कांड दैनिकी) के लेखन की गुणवत्ता व संपूर्ण अन्वेषण प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाना था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में अपराध की प्रकृति जटिल हो चुकी है, ऐसे में घटनास्थल पर पहुंचने से लेकर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने तक हर चरण में तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता की आवश्यकता है। निर्देश दिया कि किसी भी आपराधिक मामले में घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान साक्ष्य की विश्वसनीयता बनी रहे। लोक अभियोजकों ने भी पुलिस अधिकारियों को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि केस डायरी का लेखन सटीक, विस्तृत और समयबद्ध होना चाहिए, क्योंकि अदालत में अभियोजन की मजबूती काफी हद तक कांड दैनिकी की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। समझाया कि साक्ष्यों के सही संकलन और संरक्षित रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न्यायिक परिणामों को प्रभावित कर सकती है। बैठक में फॉरेंसिक तकनीकों के उपयोग, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की पद्धति तथा घटनास्थल को सुरक्षित रखने से संबंधित बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थानों में तैनात पदाधिकारी समय-समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा नए प्रावधानों और तकनीकों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट रखें। अन्त में, एसपी ने कहा कि बेहतर अन्वेषण न केवल अपराधियों को सजा दिलाने में मदद करता है, बल्कि जनता का पुलिस पर भरोसा भी मजबूत करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आज की बैठक के बिंदुओं को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि जिले में अपराध अन्वेषण की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हो सके।