
लूट का विरोध करने पर वृद्धा की चाकू गोद हत्या
देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में गुरुवार रात एक वृद्धा कमली देवी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। लुटेरों ने घर में घुसकर लगभग चार लाख रुपए के जेवरात चुराए। घटना का पता तब चला जब घर की...
देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में गुरुवार देर रात लूट के इरादे से एक घर में घुसे बदमाशों को घटना का विरोध करने पर 81 वर्षीया वृद्धा कमली देवी की चाकू गोदकर हत्या कर दी। हत्याकांड के बाद घर में रखे करीब चार लाख रुपए मूल्य के जेवरात और बर्तन लेकर बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार सुबह घर की महिलाएं रोज़ की तरह पुराने मकान में झाड़ू लगाने पहुंचीं। परिवारवालों के अनुसार कमली देवी हर दिन भोर 4 बजे ही उठ जाती थी, लेकिन जब काफी देर तक दरवाज़ा नहीं खुला और कई बार पुकारने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो संदेह होने पर दीवार फांदकर आंगन में प्रवेश किया।

अंदर का नज़ारा देख सबों के होश उड़ गए। पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरों के ताले टूटे थे, वहां रखे बक्से खुले पड़े थे और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन और अन्य कीमती सामान गायब थे। वहीं कमली देवी चारपाई पर होकर ज़मीन पर खून से लतपथ पड़ी थी। कपड़े से ढके होने के कारण पहले किसी को दिखा नहीं, लेकिन पास जाकर देखने पर उनके शरीर में कई जगह धारदार हथियार व चाकू से हमले के निशान मिले। परिवारजन तुरंत उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच कर वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की भी गहन छानबीन करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतका के पोते संदीप कुमार राउत ने बताया कि उसका पुराना घर सड़क की एक तरफ है, जिसमें दादी कमली देवी अकेले रहती थी। वहीं, घर के अन्य सदस्य पास में ही सड़क की दूसरी ओर नवनिर्मित मकान में रहते हैं। गुरुवार रात सभी लोग पुराने घर में खाना बनाने के बाद नवनिर्मित घर में सोने चले गए। उसके पिता और चाचा घर पर नहीं थे। उसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने रात इस घटना को अंजाम दिया। बताया कि दादी ने लुटेरों को देख विरोध किया होगा, जिसके बाद उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बीते कुछ हफ्तों से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई घरों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वहीं इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




