चार डॉक्टरों ने टीबी के चार मरीजों को लिया गोद
देवघर के जिला यक्ष्मा कार्यालय में हुई बैठक में चार चिकित्सा पदाधिकारियों ने टीबी से ग्रसित चार मरीजों को गोद लेने का निर्णय लिया। डॉक्टरों ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने का संकल्प लिया। यह पहल टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में मदद करेगी।

देवघर। जिला यक्ष्मा कार्यालय सभागार में शनिवार को जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन, पूर्व उपाधीक्षक डॉ. प्रभात रंजन तथा वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी सह आयुष्मान भारत योजना के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. शरद कुमार की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में जिले में कार्यरत चार चिकित्सा पदाधिकारियों ने टीबी से ग्रसित चार मरीजों को गोद लेने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान डॉक्टरों ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने का संकल्प लिया। जिन डॉक्टरों ने मरीजों को गोद लिया है, उनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारवां में पदस्थापित दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुराधा कुमारी, सदर अस्पताल के नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार, प्रतिनियुक्त दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शालिनी कुमारी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनपुर में कार्यरत दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रूपक कुमार शामिल हैं।
सभी डॉक्टरों ने बताया कि डॉ. शरद कुमार से प्रेरित होकर टीबी मरीजों की मदद के लिए आगे आए हैं। कहा कि जिन मरीजों को गोद लिया गया है, उन्हें बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए छह माह तक प्रतिमाह पोषण किट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों के उपचार के साथ पोषण का भी ध्यान रखा जा सके। डॉ. अनुराधा कुमारी ने कहा कि प्रयास करेंगी कि उनकी पहल से प्रेरित होकर अन्य लोग भी निक्षय मित्र बनें और टीबी से ग्रसित गरीब मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं। कहा कि समाज के सहयोग से ही बीमारी से लड़ाई को मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं डॉ. शरद कुमार ने बताया कि अब तक तीन टीबी मरीजों को गोद ले चुके हैं। कहा कि अगले महीने भी दो और जरूरतमंद मरीजों को गोद लेने की योजना है, ताकि नियमित पोषण सहायता मिल सके। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। कहा कि डॉक्टरों, समाजसेवियों और आमलोगों के सामूहिक प्रयास से ही इस अभियान को मजबूती मिलेगी और टीबी को जड़ से समाप्त किया जा सकेगा। बैठक में जिला यक्ष्मा कार्यालय के नीरज राव, बिपिन कुमार और सुधीर कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


