Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsDiwali Fireworks Accidents Five Injured in Deoghar District
दीपावली : पटाखों से पांच लोग झुलसे, एक गंभीर

दीपावली : पटाखों से पांच लोग झुलसे, एक गंभीर

संक्षेप: दीपावली की रात देवघर जिले में पटाखों की चपेट में आकर पांच लोग झुलस गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ एक को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। अन्य चार...

Wed, 22 Oct 2025 02:44 AMNewswrap हिन्दुस्तान, देवघर
share Share
Follow Us on

देवघर। दीपावली की रात जहां चारों ओर उत्सव और रोशनी का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर पटाखों की चपेट में आकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग झुलस गए। उनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने एक की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि शेष चार का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। जानकारी के अनुसार सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के सन्होला गांव में 18 वर्षीय प्रदुम कुमार पटाखा छोड़ने के दौरान झुलस गया।

परिजनों ने बताया कि रात पटाखे जला रहा था, तभी एक पटाखा उसके काफी नजदीक फट जाने से झुलस गया। वहीं कुंडा थाना क्षेत्र के कुंडा मोड़ निवासी 32 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव किराना दुकान से सामान खरीदकर साइकिल से घर लौट रहा था, उसी दौरान पटाखा फटने से चिंगारी लग जाने से झुलस गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में 24 वर्षीय श्याम कुमार पटाखा छोड़ते समय हादसे का शिकार हो गया। बताया कि हाथ में पकड़ा पटाखा फटने से झुलस गया। दुमका जिला के सरैयाहाट थाना अंतर्गत बंदरी गांव निवासी 34 वर्षीय चांद कुमार मिर्धा पटाखा जलाते फटने से गंभीर रूप से झुलस गया। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं जसीडीह बाजार निवासी 19 वर्षीय दिनेश कुमार शर्मा रॉकेट पटाखा जलाने के दौरान उसी के शरीर से टकराकर फट जाने से झुलस गया। सभी घटनाओं की जानकारी ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने बैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी को दे दी है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।