Deogarh News: मिड-डे मील की सतत निगरानी के लिए बनेगा पंचायतवार रोस्टर : डीसी
Deogarh News: - अधिकारी स्वयं जांचेंगे भोजन की गुणवत्ता समाहरणालय कक्ष में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन

Deogarh News: समाहरणालय कक्ष में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) के अंतर्गत जिला स्तरीय जिला स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डीसी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिया।
बैठक के दौरान लिए गए निर्णय
बैठक में मिड-डे मील योजना के पारदर्शी और प्रभावी संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान डीसी ने बच्चों को मिलने वाले भोजन की शुद्धता और पौष्टिकता सुनिश्चित करने के लिए पंचायतवार रोस्टर तैयार कर नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी स्वयं विद्यालयों का दौरा करें और भोजन की गुणवत्ता की जांच करें। ताकि बच्चों को उत्तम आहार मिल सके।
ठोस कार्ययोजना के निर्माण
इसके अलावा डीसी ने स्कूलों में बच्चों के आच्छादन (कवरेज) तथा दैनिक उपस्थिति में सुधार लाने के लिए ठोस कार्ययोजना के तहत काम करने का निर्देश दिया। योजना को जमीनी स्तर पर और अधिक सफल बनाने के उद्देश्य से उन्होंने यह भी घोषणा की कि मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बेहतर और सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों व कर्मियों को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार, सभी बीईईओ, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी बीपीओ व संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे。


